मोगमा, 22 जून (वेदांत समाचार)। एसईसीएल के मोगमा क्षेत्र में इंडियन माइनिंग ऑपरेटर्स एंड सुपरवाइजर्स एसोसिएशन (इनमोसा) की बैठक हुई। इसमें देश भर के कोल कंपनियों सीसीएल, बीसीसीएल, एसईसीएल, एमसीएल, डब्ल्यूसीएल, एनईसी और ईसीएल के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता इनमोसा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने की।
बैठक में एसईसीएल के चेयरमैन समीर कुमार चक्रवर्ती, डिवीजनल सेक्रेटरी डीके पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील कुमार, उपाध्यक्ष एके चौबे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य रिस्ट्रिक्टेड सर्टिफिकेट होल्डरों के लिए कोल इंडिया द्वारा अब तक प्रमोशन पॉलिसी नहीं बनाए जाने पर आक्रोश था।
वक्ताओं ने कहा कि 2017 में कोल माइन रेगुलेशन (सीएमआर) में संशोधन के बावजूद कोल इंडिया ने इनके प्रमोशन के लिए कोई नीति नहीं बनाई, जो सरासर अन्याय है। इनमोसा पदाधिकारियों ने बैठक में कहा कि वे कोल इंडिया प्रबंधन के साथ इस मुद्दे पर औपचारिक वार्ता करेंगे और डीजीएमएस से भी हस्तक्षेप की मांग करेंगे, ताकि प्रमोशन पॉलिसी जल्द बनाई जाए ।
साथ ही इनमोसा का प्रतिनिधिमंडल देश के सांसदों के माध्यम से यह मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा में उठवाएगा और केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर समाधान की मांग करेगा। यदि फिर भी इस दिशा में ठोस पहल नहीं होती है, तो इनमोसा ने स्पष्ट कर दिया है कि संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने को विवश होगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से कोल इंडिया प्रबंधन की होगी ।



