Bilaspur News: आश्रम के महंत पर जानलेवा हमला, भक्तों ने बचाई जान

बिलासपुर,24 फरवर । रतनपुर के कका पहाड़ स्थित काली कमली आश्रम के महंत पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आश्रम में मौजूद भक्तों ने किसी तरह हमलावर को काबू कर महंत की जान बचाई। घायल महंत ने घटना की शिकायत रतनपुर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है।

रतनपुर के कका पहाड़ पर काली कमली आश्रम है। यहां पर महंत श्याम सुंदर दास पूजा पाठ कराते हैं। आश्रम की देखरेख भी वही करते हैं। शुक्रवार की शाम वे आश्रम में मौजूद थे। इसी दौरान रतनपुर में रहने वाला दारा उर्फ सुरेश गुप्ता आया। उसने महंत पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर उसने महंत की पिटाई शुरू कर दी।

मारपीट के बीच उसने महंत पर धारदार हथियार से भी हमला किया। इसे देख आश्रम परिसर में मौजूद भावेश शुक्ला और जयदेव पांडेय ने किसी तरह हमलावर को काबू में कर लिया। हमले में महंत लहूलुहान हो गए। भक्तों ने घायल महंत को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के बाद घायल महंत ने घटना की शिकायत रतनपुर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

चालीस साल से कर रहे सेवा

महंत श्याम सुंदर दास ने बताया कि वे आश्रम में 40 साल से रह रहे हैं। आसपास के गांव के लोग आश्रम में आते हैं। इस तरह की घटना पहली बार हुई है। युवक अपने साथ तब्बल और कुल्हाड़ी भी लेकर आया था। कुल्हाड़ी उल्टा हो जाने के कारण उनकी जान बच गई। घायल महंत ने हमलावर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।