CG BREAKING : सुकमा में सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों का हमला, मुठभेड़ में मारा गया एक नक्सली, शव बरामद…सर्च ऑपरेशन जारी

सुकमा जिले के बुर्कालंका में शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। बताया जा रहा है कि जवानों ने मृत नक्सली के शव को भी बरामद कर लिया है। हालांकि, मारे गए नक्सली की शिनाख्त नहीं हुई है। इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

दरअसल, जवानों को सूचना मिली थी कि सुकमा के बुर्कालंका इलाके में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। मुखबिर की इसी सूचना के बाद DRG जवानों को शुक्रवार की रात सर्च ऑपरेशन पर निकाला गया था। जवान सुबह नक्सलियों के ठिकाने पर पहुंचे, जहां पहले से ही घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया।

नक्सलियों के हमले का फोर्स ने भी दिया जवाब

इसके बाद फोर्स ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का जवाब दिया। सूत्रों के मुताबिक, करीब 20 से 25 मिनट तक दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। फायरिंग रुकने के बाद जवानों ने इलाके की सर्चिंग की।

नक्सली का शव बरामद

सर्चिंग में एक नक्सली के शव को बरामद किया गया है। उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जवान जब जिला मुख्यालय लौटेंगे, तो अधिक जानकारी मिल पाएगी।