रतनपुर में पुजारी पर हमला, नगरवासियों में आक्रोश, खुद को रिटायर्ड आर्मी अफसर बताकर मारपीट की, थाने में शिकायत के बाद भी पीड़ित को धमका रहा बदमाश

बिलासपुर, 22 फरवरी। रतनपुर में कानून व्यवस्था एक बार फिर से बिगड़ने लगी है। जहां एक बदमाश ने पुजारी पर हमला कर दिया। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसके बाद भी बदमाश के हौसले बुलंद हैं। वह पुजारी को जान से मारने की धमकी देता फिर रहा है।

इधर मारपीट से डरे सहमे पुजारी ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुजारी पर हमले की खबर से रतनपुर के लोगों में गुस्सा है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

असल में बिहार का रहने वाला आरोपी बाल मोहन दुबे रतनपुर में ही एक किराए के मकान में रहता है। बताया जाता है कि वह अपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है और लोगों में अपनी धौंस जमाने के लिए वह खुद को आर्मी का रिटायर्ड अफसर बताता है। लेकिन जब पुलिस ने उससे दस्तावेज मांगे तो वह गोलमोल जवाब देते हुए थाने से चलते बना।

उसने पुजारी पंडित राजेंद्र दुबे को जमीन दिखाने के बहाने अपने साथ एक गांव में ले गया। वहां उसने पीड़ित के साथ गाली गलौच कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जब से पीड़ित पुजारी ने पुलिस को जानकारी दी है। तभी से आरोपी बाल मोहन दुबे उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।

आरोपी बदमाश है इसलिए अनहोनी की आशंका से पुजारी दहशत में है और सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं। इधर, पुलिस ने कड़ी कारवाई का भरोसा दिया है। दूसरी ओर धर्म नगरी रतनपुर में पुजारी पर हुए हमले के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।