कृषि मंत्री नेताम 23 को करेंगे कृषि मेला व प्रदर्शनी का शुभारंभ

रायपुर,22 फरवरी  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के तकनीकी मार्गदर्शन में कृषि-किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग एवं फार्मटेक एशिया के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय ‘‘किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी’’ का आयोजन 23 से 26 फरवरी तक किया जा रहा है। किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन रामविचार नेताम, मंत्री, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पछिड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतीलाल साहू, विधायक, रायपुर ग्रामीण, अनुज शर्मा, विधायक, धरसींवा, श्रीमती शहला निगार, कृषि उत्पादन आयुक्त, डॉ. प्रियंका शुक्ला, संचालक पशु चिकित्सा, श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, संचालक कृषि, माथेश्वरन व्ही. संचालक उद्यानिकी एवं एन.एस. नाग, संचालक मत्स्य पालन उपस्थित रहेंगे। किसान मेले में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा जिसके अंतर्गत प्रतिदिन ‘‘कृषक पाठशाला’’ का आयोजन मेला स्थल पर किया जाएगा। किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में 100 से अधिक कम्पनियों द्वारा स्टाल लगाया जाएगा एवं उत्पादों का विक्रय भी किया जाएगा। प्रदर्शनी में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे अनुसंधान, विकास एवं विस्तार कार्यां को प्रदर्शित किया जाएगा तथा कृषि पाठशाला के माध्यम से किसानों को कृषि के नवीन अनुसंधानों एवं कृषि प्रौद्योगिकी से अवगत कराया जाएगा।