KORBA NEWS : तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आया युवक, हादसे में मौत…निकला था जन्मदिन मनाने

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए दो दोस्तों के साथ बाइक पर बिलासपुर जा रहा था। वहीं हाइवे पर मुनगाडीह पुलिया के पास तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके दोनों साथी घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक्सीडेंट बीते शुक्रवार की रात करीब 8 बजे कटघोरा बिलासपुर हाईवे पर मुनगाडीह पुलिया के पास हुआ। बांकीमोंगरा निवासी मयंक चौधरी का शुक्रवार 9 फरवरी को जन्मदिन था। इस मौके पर देर शाम वह अपने दो दोस्त पीयूष व सत्यप्रकाश के साथ पार्टी मनाने के लिए बाइक पर सवार होकर बिलासपुर जा रहा था।

उस दौरान मुनगाडीह पुलिया के पास हाइवे से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिससे बाइक चला रहे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों दोस्त घायल हो गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 व 112 टीम ने पाली अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया।

बताया जा रहा है कि गजरा बस्ती निवासी मृतक 17 वर्षीय मयंक चौधरी कक्षा दसवीं का छात्र था। पिता सुनील चौधरी ऑटो चलाते हैं। मयंक चौधरी परिवार का इकलौता बेटा था। वहीं अब परिवार में एक बेटी भी है। ऑटो चलाकर सुनील चौधरी अपने परिवार का भरण पोषण करते आ रहा था।