केदारनाथ,18जून 2025 : गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने के कारण पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। मलबे के गिरने से ये मजदूर गहरी खाई में गिर गए। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक मजदूरों की पहचान
हादसे में मृतकों की पहचान जम्मू कश्मीर के दो मजदूरों के रूप में हुई है, जो डंडी-कंडी संचालन का काम कर रहे थे। दोनों मृतक की पहचान इस प्रकार है, नितिन कुमार (18 वर्ष), पुत्र रावेल सिंह, जिला डोडा, जम्मू कश्मीर (पालकी मजदूर और चंद्रशेखर, जिला डोडा, जम्मू कश्मीर (पालकी मजदूर) के रुप में हुई है। इस हादसे में तीन मजदूर घायल हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। घायलों में संदीप कुमार, पुत्र दया कृष्णा, ग्राम गली, तहसील जिला डोडा, जम्मू (पालकी मजदूर), आकाश चितरीय, पुत्र दामोदर दास, निवासी भावनगर, गुजरात, नितिन मन्हास, पुत्र मनजीत, जिला डोडा, जम्मू (पालकी मजदूर) शामिल है।
घटना की वजह और रेस्क्यू अभियान
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि यह हादसा पहाड़ी पर भूस्खलन के कारण हुआ। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ (सैन्य और आपदा राहत बल) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। यह हादसा केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों और काम करने वाले मजदूरों के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ है, और इलाके में सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े हो गए हैं।



