पत्नी की हत्या कर आरोपी पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी की चरित्र पर करता था शंका

अंबिकापुर,05 फरवरी । बलरामपुर जिले के शंकरगढ थाना क्षेत्र के मनोहरपुर में पत्नी की हत्या कर आरोपित पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या के बाद आरोपित पति घर से भाग गया था। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही थी। इसी बीच उसकी लाश पेड़ पर लटकी मिली। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनोहरपुर के आश्रित ग्राम मदपुर पाठ निवासी अंधरु राम नगेशिया (40) पत्नी लक्ष्मनिया व बेटी के साथ रहता था। वह पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। उसे संदेह था कि पत्नी के दूसरे से संबंध हैं। घटना दिवस गुरुवार को उसकी बेटी नजदीक में रहने वाली दादी के यहां सोई हुई थी। घर में पति-पत्नी ही थे।

शुक्रवार की सुबह जब बेटी घर पहुंची तो देखा कि उसकी मां की लाश पड़ी है। गले में स्टाल फंसा हुआ था। उसने स्वजन को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची थी। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि पति ने रात को पत्नी की उसके ही स्टॉल से गला घोंटकर हत्या कर दी।पुलिस धारा 302 के तहत अपराध पंजीकृत कर आरोपित की खोजबीन में जुटी हुई थी। इसी दौरान अंधरु राम का शव गांव से लगे नदी के पास आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। गांव के ही एक युवक ने मवेशी चराने जाने के दौरान पेड़ के नीचे जूता पड़ा देखा। जब वह पेड़ के पास गया तो अंधरु राम का शव धोती के सहारे पेड़ पर लटका दिखा। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली होगी।

सड़क हादसे में आयकर विभाग के चालक की मौत

अंबिकापुर (नईदुनिया न्यूज)। अंबिकापुर- बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर साडबार के पास सड़क हादसे में आयकर विभाग के चालक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जयेंद्र पाल (30) ग्राम चैनपुर का रहने वाला था। आयकर विभाग में चालक के रूप में कार्यरत था। तीन फरवरी दिन को शाम लगभग 6:30 बजे वह अपने गृह ग्राम चैनपुर से बाइक में सवार होकर अंबिकापुर ड्यूटी करने जा रहा था। जैसे ही वह साडबार के पास पहुंचा। बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े ट्राले में जा टकराया जिससे बाइक सवार युवक को गंभीर चोटे आई । घायल को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रिफर किया गया था। रायपुर ले जाने के दौरान कटघोरा के आसपास घायल जिहेद्र पाल ने दम तोड़ दिया। स्वजन द्वारा शव को लखनपुर लाया गया। और घटना की सूचना पुलिस को दी गई सूचना उपरांत पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सुपूर्द किया है