नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक, केनरा बैंक ने कर्जधारकों को राहत देते हुए अपने ऋण उत्पादों पर ब्याज दरों में 0.50 प्रतिशत की कटौती की है। यह कटौती रेपो दर से जुड़ी उधारी दरों में की गई है, जिससे अब संशोधित रेपो आधारित उधारी दर (RLLR) घटकर 8.25 प्रतिशत हो गई है, जो पहले 8.75 प्रतिशत थी। नई दरें 12 जून 2025 से प्रभावी हो गई हैं। यह निर्णय भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा हाल ही में रेपो दर में 0.50 प्रतिशत की कमी के बाद लिया गया है। रिजर्व बैंक ने अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा के तहत रेपो दर को घटाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया था, और नकद आरक्षित अनुपात (CRR) में भी 1 प्रतिशत की कटौती की थी।
-केनरा बैंक ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि
ब्याज दरों में यह कटौती ग्राहकों को अधिक किफायती ऋण विकल्प उपलब्ध कराने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। बैंक की इस पहल से अब आवास ऋण पर ब्याज दर 7.90 प्रतिशत से घटकर 7.40 प्रतिशत हो गई है, जबकि वाहन ऋण की दरें 8.20 प्रतिशत से घटकर 7.70 प्रतिशत प्रति वर्ष हो गई हैं।
-ग्राहकों को मिलेगा सीधा लाभ
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्याज दरों में यह कटौती ऐसे समय आई है जब बाजार में मांग को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इससे न केवल व्यक्तिगत उधारकर्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि आवास, ऑटोमोबाइल और अन्य उपभोग क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना है।



