Vedant Samachar

जानलेवा हुआ कोरोना, नए वैरिएंट ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में सामने आए 269 नए केस

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली,14जून 2025 : कोविड-19 संक्रमण का नया वैरिएंट फिर से खतरनाक हो गया है। शुक्रवार को सक्रिय मामलों में कमी आने से राहत मिली, लेकिन पिछले 24 घंटे में 250 से अधिक नए मामले सामने आने से टेंशन बढ़ गई है। फिलहाल देशभर में कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या 7400 पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 14 जून सुबह 8 बजे तक के आंकड़े जारी किए। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 269 नए मामले दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को देशभर में सक्रिय मामलों की संख्या 7131 थी। नए मामलों के बाद भारत में सक्रिय मामलों की संख्या 7400 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोविड संक्रमण से 9 लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 4 मौतें हुई हैं, जबकि केरल में संक्रमण से 3 मौतें हुई हैं। राजस्थान और तमिलनाडु में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। केरल में मरने वालों में 83, 67 और 61 साल के तीन पुरुष शामिल हैं। महाराष्ट्र में 79 साल के एक व्यक्ति की मौत हुई है जो पहले से ही मधुमेह से पीड़ित थे। 85 साल के एक व्यक्ति की मौत हुई है जिन्हें किडनी की भी समस्या थी। इनके अलावा 55 और 34 साल के दो लोग जो इस संक्रमण से पीड़ित थे, उनकी भी मौत हुई है। इस संक्रमण ने राजस्थान में 70 साल की एक महिला की जान ले ली है, जबकि तमिलनाडु में कई बीमारियों से पीड़ित 73 साल के एक व्यक्ति की भी मौत हो गई है। कोविड का नया वैरिएंट 3 राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश को छोड़कर देश के सभी राज्यों में फैल चुका है। नए वैरिएंट ने सबसे ज्यादा केरल में हमला किया है, जहां अब तक 2 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और महाराष्ट्र जैसे राज्य इस लिस्ट में शामिल हैं।

Share This Article