Vedant Samachar

तांत्रिक द्वारा पैसा डबल करने के झांसे में आए तीन लोगों की मौत

Vedant Samachar
3 Min Read

श्रीगंगानगर,14जून 2025 : राजस्थान में बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में एक तांत्रिक के नोट दुगुना करने के झांसे में आकर तीन लोगों की मौत हो गयी। खाजूवाला के पुलिस उपाधीक्षक अमरजीत चावला ने बताया कि वार्ड नंबर 16 निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर गफ्फार की आर्थिक स्थिति कुछ बिगड़ गई थी। उसने अपने दो दोस्तों शैतानं सिंह और विक्रमं सिंह से बातचीत के बाद उनकी सलाह पर अजमेर निवासी एक तांत्रिक को बुलाया जिसने नोट दुगुना करने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि गफ्फार के कहने पर शैतानं और विक्रमं ने अजमेर से तांत्रिक को कल खाजूवाला बुला लिया।

तांत्रिक ने एकांत में तंत्र-मंत्र करने का बताकर गफ्फार की पत्नी को बच्चों सहित पीहर भिजवा दिया। पुलिस उपाधीक्षक चावला ने बताया कि इसके बाद देर रात में तांत्रिक गफ्फार और उसका पुत्र सलमान, शैतानं सिंह और विक्रमं सिंह की मौजूदगी में तांत्रिक ने कथित रूप से तंत्र-मंत्र किया। इस दौरान उसने हलुआ बनवाया।जिसमें उसने कोई नशीली दवा मिला दी। संभवत: उसकी मात्रा अधिक हो गयी इससे गफ्फार की मौत हो गयी जबकि शैतानं सिंह, विक्रमं सिंह और सलमान की हालत बिगड़ गई।

इसी दौरान तथाकथित तांत्रिक गफ्फार द्वारा नोट दुगने करने के लिए तंत्र-मंत्र अनुष्ठान के समय रखे गये 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। सुबह पड़ोस के लोगों ने गफ्फार ,सलमान, शैतान और विक्रमं की हालत खराब देखी तो उन्हें स्थानीय सरकारी अस्पताल भिजवाया। गफ्फार को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया जबकि शैतान और विक्रमं को हालत गंभीर होने के कारण बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेज दिया। दोनों कार टैक्सी से बीकानेर को रवाना हुए, लेकिन शोभासर के पास उनकी हालत बिगड़ गई।

कार टैक्सी चालक उनको वहां छोड़कर चला गया। शोभासर में इन दोनों की भी मौत हो गई। इधर, खाजूवाला के अस्पताल में सलमान को उपचार देकर छुट्टी दे दी गयी। उसने कम मात्र में हलुआ खाया था। उन्होंने बताया कि तीनों मृतकों के शव खाजूवाला के सरकारी अस्पताल में रखे हुए हैं। इस संबंध में मामला दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कल होगी। तांत्रिक की पहचान नहीं हो पाई क्योंकि तीनों की मौत हो गयी। मृतकों की कॉल का विवरण निकलवाया जा रहा है।

Share This Article