जांजगीर-चांपा : नपा उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, अध्यक्ष सहित कांग्रेस पार्षद ने लगाए आरोप, कहा…

जांजगीर- चांपा जिले के जांजगीर नैला नगर पालिका उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आवेदन जमा किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष भगवान दास गढ़वाल के साथ 14 पार्षद कलेक्टर को आवेदन देने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे थे। अब दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी मीटिंग में रोड़ा अटकाने का काम करते हैं। तालाब के किनारे कई अवैध कब्जा करके रखे हैं। यहां तक कि खुद का बड़ा मकान होने के बाद भी अपने मां के नाम में अवैध पीएम आवास भी बनवाया है।

अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप

बीजेपी के पार्षद सहित उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष भगवान दास गढ़वाल पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने शहर के विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया तो वहीं नगर पालिका अध्यक्ष भगवान दास ने उपाध्यक्ष पर अवैध प्लाटिंग का सरगना होने का आरोप लगाया। अब दोनों पार्टी के पार्षदों ने कलेक्टर को आवेदन दिया है।

नगर पालिका उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव देने पहुंचे कांग्रेसी पार्षद

नगर पालिका उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव देने पहुंचे कांग्रेसी पार्षद

अध्यक्ष भगवान दास गढ़वाल के कार्यकाल में हुआ भ्रष्टाचार

उपाध्यक्ष आशुतोष का कहना है कि नगरपालिका में अभी तक सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार अगर हुआ है तो अध्यक्ष भगवान दास गढ़वाल के कार्यकाल में हुआ है। लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा पार्षदों का कहना है कि उनकी संख्या भले ही कम है लेकिन अध्यक्ष हटाने के लिए समर्थन ले आएंगे।

क्रॉस वोटिंग में कांग्रेस पार्टी से भगवान दास गढ़वाल बने अध्यक्ष

बता दें कि शुरुआती दौर में नगर पालिका जांजगीर-नैला में भाजपा पार्षदों की संख्या ज्यादा थी जिसके चलते लोगों को यह लग रहा था कि अध्यक्ष भी बीजेपी का ही होगा लेकिन क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस पार्टी से भगवान दास गढ़वाल अध्यक्ष बन गए। बाद में निर्दलीय पार्षदों ने भी अध्यक्ष का समर्थन कर दिया जिसके चलते अभी तक वह अपना कुर्सी बचाने में कामयाब साबित हो रहे हैं।