Dhoni की IPL से विदाई, Rishabh Pant का कमबैक, क्रिकेट की दुनिया में इन पांच अहम पलों का गवाह बनेगा साल 2024

साल 2024 भारतीय क्रिकेट के लिए कई मायनों में खास होने वाला है। पिछले साल की शुरुआत में कार दुर्घटना का शिकार हुए ऋषभ पंत इस साल 22 गज की पिच पर फिर से वापसी करते हुए दिखाई देंगे। वहीं, इस साल कुछ ऐसे पल भी देखने को मिलेंगे, जो बतौर क्रिकेट फैन कोई भी देखना नहीं चाहेगा। आइए आपको विस्तार से बताते हैं किन ऐतिहासिक पांच पलों का गवाह बनेगा साल 2024।

एमएस धोनी की विदाई

इंटरनेशनल क्रिकेट को साल 2020 में अलविदा कहने वाले एमएस धोनी हर साल आईपीएल में रंग जमाते हुए नजर आते हैं। हालांकि, साल 2024 में इंडियन प्रीमियर लीग में माही आखिरी बार खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। धोनी के आईपीएल से रिटायरमेंट की अटकलें पिछले साल ही लगाई जा रही थीं, लेकिन धोनी ने एलान किया था कि वह अपने फैन्स के लिए एक साल और खेलना चाहते हैं।

ऋषभ पंत का कमबैक

जनवरी 2023 में कार दुर्घटना का शिकार हुए ऋषभ पंत का इस साल क्रिकेट की पिच पर वापसी करेंगे। पंत काफी हद तक रिकवर कर चुके हैं और ऐसा माना जा रहा है कि वह आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए भी नजर आ सकते हैं।

हार्दिक करेंगे मुंबई की पहली बार कप्तानी

आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने हर किसी को चौंकाते हुए हार्दिक पांड्या को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया। दस साल बाद मुंबई टीम की बागडोर रोहित शर्मा के हाथों में नहीं होगी और वह बतौर बल्लेबाज इस सीजन मैदान पर उतरेंगे।

क्या आरसीबी का सपना होगा साकार

आईपीएल में अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार कर रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम इस साल इस सूखे को खत्म करना चाहेगी। आरसीबी ने इस बार ऑक्शन में एक मजबूत टीम खड़ी की है। विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डुप्लेसी के अलावा इस साल टीम की ओर से कैमरून ग्रीन भी खेलते हुए दिखाई देंगे। ऐसे में साल 2024 में ई साला कप नमदे का सपना साकार हो सकता है।

गौतम गंभीर की घर वापसी

अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार चैंपियन बनाने वाले गौतम गंभीर की इस साल घर वापसी होगी। आईपीएल 2024 में गंभीर केकेआर टीम के मेंटोर की भूमिका में नजर आएंगे। गंभीर की देखरेख में केकेआर इस साल दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी।