Vedant Samachar

खनिजों के अवैध खनन परिवहन एवं भण्डारण पर होगी कड़ी कार्यवाही कलेक्टर…

Vedant Samachar
5 Min Read

15 से 30 जून तक जनजाति गांवों में लगेगी विशेष शिविर

गरियाबंद,11जून 2025(वेदांत समाचार) । कलेक्टर बी.एस. उईके ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए योजनाओं में प्रगति लाने आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने समय-सीमा के बैठक में बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर रहने वाले जिला अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। साथ ही कार्यालयीन समय में उपस्थित रहने की चेतावनी दी। उईके ने जिले में अवैध रूप से संचालित ईट भट्ठे, रेत खनन एवं परिवहन और सख्ती के साथ कार्यवाही करने के लिए सभी एसडीएम को निर्देशित किये, साथ ही अवैध रूप से कृषि भूमि को प्लॉटिंग करने वाले के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा।

कलेक्टर ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन पर निगरानी रखते हुए संबंधितों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसके लिए राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहकर अपने क्षेत्रों की निगरानी बनाये रखने को कहा। साथ ही अवैध खनिज के मामला संज्ञान में आने पर सक्रियता से पहल करते हुए संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिला अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का सर्विस बुक संधारित कराये। जिससे कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दौरान कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा लिए गए गोद ग्राम पंचायत बिजली एवं उनके आश्रित गांव मड़वाडीह में गांव के विकास के लिए तैयार किए जाने वाले रोड मैप के अधार पर सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें। इस दौरान बैठक में जिला पंचायत सीईओ जी आर मरकाम, अपर कलेक्टर अरविंद पाण्डेय, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित जिला अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य शासन के निर्देशानुसार 15 से 30 जून तक जिले के 334 गांवों में शासन की विभिन्न योजनाओं से शत-प्रतिशत लोगों को लाभान्वित करने के लिए धरती आबा संतृप्तिकरण शिविर लगाए जायेंगे। कलेक्टर उईके ने धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत शिविरों के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने विकासखण्डों के चयनित ग्रामों में शिविर आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ले। जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया गया है। गरियाबंद जिले के 334 ग्राम को इस अभियान में शामिल किया गया है। इनमें विकासखंड गरियाबंद अंतर्गत कुल 126 ग्राम, मैनपुर अंतर्गत कुल 144 ग्राम, छुरा अंतर्गत 50 ग्राम, फिंगेश्वर अंतर्गत 05 ग्राम एवं विकासखड-देवभोग अंतर्गत 09 ग्राम शामिल है। इन 334 ग्रामों के कल्याण एवं संवर्धन के लिए कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार कार्ययोजना बनाकर संबधित विभागों ने कार्य प्रारंभ कर दिया है।

इन शिविरों में ग्रामीणों के जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र बनाने के साथ-साथ उन्हें राजस्व विभाग की अन्य दूसरी सेवाओं से भी लाभान्वित किया जायेगा। शिविरों में राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, बीमा कार्ड, श्रम कार्ड, श्रम पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन, गांवों में छूट गए लोगों के मनरेगा जॉब कार्ड बनाने के निर्देश दिये गये है। कलेक्टर उईके ने समय-सीमा की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा की। उन्होंने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए वर्तमान में चल रहे कृषक चौपाल, केसीसी कार्ड, खाद-बीज भण्डारण वितरण एवं जैविक खेती के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भण्डारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीफ फसलों के लिए किसानों को खाद बीज की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। कलेक्टर ने पीएम आवास की समीक्षा करते हुए स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यो को तेजी से पूर्ण करते हुए हितग्राहियों को आवास की सुविधा से लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने विभागों में समय-सीमा के लंबित आवेदनों एवं पेंशन प्रकरणों की भी जानकारी लेकर प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

Share This Article