Cg Weather Updates: नमी हुई कम, तीन दिनों में तीन डिग्री तक गिरेगा तापमान, पड़ेगी कड़ाके की ठंड

रायपुर,25 दिसम्बर। राजधानी सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के कारण नमी की मात्रा में थोड़ी कमी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार नमी कम होने की वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट होना संभावित है। साथ ही अगले तीन दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री तक गिरने के आसार हैं।

इसके अलावा पूर्व की ओर से अपेक्षाकृत गर्म हवाएं भी आ रही हैं, इसकी वजह से अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं राजधानी में मौसम मुख्यत: साफ रहने के आसार हैं। वहीं अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। इसी बीच प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस बीजापुर और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।

जानिए कुछ प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान

  • रायपुर 13.4
  • बिलासपुर 13.2
  • दुर्ग 13.6
  • अंबिकापुर 9.5
  • जगदलपुर 10.7
  • राजनांदगांव 11.7

अधिकतम तापमान छह डिग्री तक ज्यादा

मौसम विभाग के पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों के हिसाब से अधिकतम तापमान औसत से एक से लेकर छह डिग्री तक ज्यादा चल रहा है, जिसमें राजनांदगांव में औसत छह डिग्री, अंबिकापुर में चार डिग्री, पेंड्रा रोड में दो डिग्री, जबकि दुर्ग, जगदलपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक चल रहा है।

न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री ज्यादा

अधिकतम तापमान के साथ ही पश्चिमी विक्षोभ की वजह से नमी बढ़ने के कारण न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री तक अधिक चल रहा है। आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर, पेंड्रा रोड और माना में न्यूनतम तापमान एक डिग्री ज्यादा, जबकि राजनांदगांव में एक डिग्री कम है। वहीं दुर्ग, जगदलपुर और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान औसत के बराबर ही है।

गर्म कपड़ों के बाजारों में रौनक

प्रदेशभर में ठंड भी अच्छी पड़ रही है। जिसकी वजह से गर्म कपड़ों का बाजार भी गुलजार हो गया है। सुंदर नगर, मोतीबाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में इनकी बिक्री में तेजी देखने को मिल रही है। साथ ही दुकानों में भी खरीदारों की भीड़ आ रही है। वहीं यह भीड़ अगले दो से तीन दिनों में और भी बढ़ने के आसार हैं।