World Cup के दौरान लिया गया था Rohit Sharma को कप्तानी से हटाने का फैसला! Mumbai Indians में लौटने के लिए Hardik Pandya ने रखी थी शर्त

आईपीएल में बतौर कप्तान रोहित शर्मा का सुनहरा सफर खत्म हो चुका है। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार की शाम हर किसी को चौंकाते हुए आईपीएल 2024 के लिए हार्दिक पांड्या को अपना नया कप्तान नियुक्त कर दिया। हालांकि, मुंबई को पांच बार चैंपियन बनाने वाले रोहित को कप्तानी से हटाने का फैसला वर्ल्ड कप 2023 के दौरान ही ले लिया गया था।

वर्ल्ड कप में लिया गया रोहित की कप्तानी पर फैसला

दरअसल, मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने का फैसला वर्ल्ड कप 2023 के दौरान ही ले लिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित को यह बात बता भी दी गई थी कि वह आईपीएल 2024 में मुंबई के कप्तान नहीं होंगे। मुंबई ने रोहित को बताया था कि इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में टीम की कमान हार्दिक पांड्या संभालेंगे। रोहित ने हार्दिक की कप्तानी में खेलने को लेकर हामी भी भर दी थी।

हार्दिक ने रखी थी शर्त

हार्दिक पांड्या को जब मुंबई इंडियंस ने ट्रेड के लिए पहली बार अप्रोच किया था, तो हार्दिक ने अपनी पुरानी टीम के सामने एक शर्त रखी थी। हार्दिक का कहना था कि वह मुंबई इंडियंस की टीम में तभी लौटेंगे, जब टीम की बागडोर उनके हाथों में सौंप दी जाएगी। खबरों के अनुसार, हार्दिक की इस शर्त को मुंबई ने मान लिया था। इसके बाद ही हार्दिक को गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया गया था। यानी रोहित को कप्तानी से हटाए जाने का फैसला काफी पहले ही ले लिया गया था।

रोहित ने पांच बार बनाया चैंपियन

रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार चैंपियन बनाया है। साल 2011 में हिटमैन मुंबई की टीम से जुड़े थे और साल 2013 में उनको टीम की बागडोर सौंपी गई थी। रोहित ने इसी साल टीम को पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी दिलाई थी। इसके बाद साल 2015, 2017, 2019 और 2020 में रोहित की कैप्टेंसी में मुंबई ने आईपीएल के खिताब को अपने नाम किया था।

बतौर कप्तान दमदार हार्दिक का रिकॉर्ड

हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड बतौर कप्तान आईपीएल में बेमिसाल रहा है। गुजरात टाइटंस को हार्दिक ने पहले ही सीजन में अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया था। वहीं, पिछले सीजन भी हार्दिक की कैप्टेंसी में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था। यही वजह है कि मुंबई की टीम ने इस सीजन के लिए हार्दिक पर दांव खेला है।