[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

KORBA NEWS:हसदेव नदी किनारे जाम छलकाने के साथ किया उपद्रव, बाइक के साथ शराब जब्त…

कोरबा,03जून 2025(वेदांत समाचार)। हसदेव नदी के झोराघाट को भले ही पिकनिक स्पॉट की पहचान मिली है लेकिन उत्पातियों की हरकत से यहां की तस्वीर बदलती जा रही है। कटघोरा पुलिस ने लगातार दूसरी बार यहां अराजक तत्वों पर नकेल कसी। काफी मात्रा में शराब के साथ गाडिय़ां जब्त की। तत्वों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई।

कुछ समय से छुरी के नजदीक झोराघाट में अवकाश दिवस के साथ-साथ अन्य दिवस को काफी संख्या में बड़ी भीड़ इकट्ठी हो रही है। गर्मी से राहत और अवकाश को इसके लिए कारण बताया जा रहा है। झोराघाट में अच्छे लोग भी आ रहे हैं और उत्पाती भी। कोई आनंद प्राप्त करने की इच्छा रखता है तो कोई माहौल खराब करने पर ध्यान देता है। इस चक्कर में परिवार सहित आने वाला वर्ग यहां परेशानी झेलने को मजबूर है। कटघोरा पुलिस के संज्ञान में ऐसी सूचना आई। इसमें कहा गया था कि काफी संख्या में युवक दोपहिया से पहुंचे हैं, वे यहां पर शराबखोरी के साथ बेमतलब की हरकत कर रहे हैं। इससे संभ्रांत लोग मुश्किल में हैं। टीआई डी.एन.तिवारी ने स्टाफ के साथ यहां उपस्थिति दर्ज कराई और उपद्रव कर रहे तत्वों की क्लास लगाने के साथ कड़ी कार्रवाई की। खबर के अनुसार शराबखोरी के नमूने यहां साक्षात पाए गए। युवकों की हरकतों को भी ध्यान में रखा गया। इसकी वीडियोग्राफी कराई गई। जानकारी मिली कि 22 से अधिक दोपहिया गाडिय़ां जब्त करने के साथ शराब की बोतलें भी यहां पर कब्जे में ली गई। उत्पात मचाने वालों पर शांति भंग के साथ-साथ अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई। गर्मी के सीजन में अब तक की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस ने आगे भी यहां शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए ऐसे कदम उठाने की बात कही है।

पुलिस के कदम का हुआ स्वागत

कटघोरा पुलिस की ओर से फौरी तौर पर की गई कार्रवाई का उन लोगों ने स्वागत किया जो महिलाओं और बच्चों के साथ यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस के हस्तक्षेप से फुर्सत के कुछ घंटे बिताने की योजना सफल हो सकी। अक्सर झोराघाट को लेकर यही शिकायत रहती है कि नशेड़ी तत्व यहां पहुंचकर माहौल किरकिरा करते हैं। मांग की जा रही है कि ऐसे तत्वों पर रोक लगाने के लिए इस क्षेत्र में स्थाई सुरक्षा प्रबंध किए जाए।

[metaslider id="133"]