प्रियंका गांधी आज छत्तीसगढ़ में,‘‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’’ का आयोजन

रायपुर,06 अक्टूबर । कांकेर जिले में गोविन्दपुर खेल मैदान में आज 06 अक्टूबर को ‘‘नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन’’ का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रियंका गांधी कार्यक्रम को सम्बोधित करेंगी। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री शैलजा विशिष्ट अतिथि तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांकेर जिले को 866.16 करोड़ रुपये के 518 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इन विकास कार्यों में 550.13 करोड़ रूपये के 277 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और 316.03 करोड़ रूपये के 241 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं। साथ ही कार्यक्रम में जिले के 12 हजार 730 हितग्राहियों को लगभग 5.78 करोड़ रूपए की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री का वितरण किया जाएगा। महासम्मेलन में भूमिपूजन-लोकार्पण किये जाने वाले कार्यों में अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 84.22 करोड़ रुपये की लागत से 120 कार्यों का भूमिपूजन और 261.61 करोड़ रुपये की लागत के 86 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।