रायपुर जिले में 18 लाख मतदाताओं के लिए 1 हजार से ज्यादा मतदान केन्द्र

रायपुर, 04 अक्टूबर । विधानसभा चुनाव 2023 के परिपेक्ष्य में कालेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में राजनैतिक दलों की बैठक हुई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर तथा विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में ठाकुर ने बताया कि 4 अक्टूबर को मतदाता सूची का प्रकाशन तय किया गया है। जिसे संबंधित राजनैतिक दलों को दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर की स्थिति के अनुसार  कुल मतदाता 18 लाख 77 हजार 753 है, जिनमें पुरूष 9 लाख 43 हजार 584, महिला 9 लाख 33 हजार 876 और थर्ड जेंडर  293 है। इसके पूर्व 2 अगस्त में कुल मतदाता 18 लाख 05 हजार 310 जिनमें पुरूष 9 लाख 09 हजार 826, महिला मतदाता 8 लाख 95 हजार 189 और थर्ड जेंडर  293 थे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ सर्वेश्वर भुरे के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता पुनरीक्षण का काम भी पूरा कर लिया गया है। अगस्त माह की तुलना में दो महीने में जिले में 72 हजार 443 नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा गया  है। अगस्त माह में जिले में कुल 18 लाख 05 हजार 310 मतदाता थे, पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या 18 लाख 77 हजार 753 हो गई है। जिले में 33 हजार 755 नए पुरूष मतदाताओं और 38 हजार 687 नई महिला मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया गया है। एक नए ट्रांसजेंडर मतदाता ने भी अपना नाम सूची में शामिल कराया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस समय संक्षिप्त पुनरीक्षण के पश्चात जिले में कुल 1 हजार 869 मतदान केन्द्र हैं। फॉर्म-06 के अनुसार 86 हजार 575 नए मतदाता जोडे़ गए और फॉर्म-07 के अनुसार 13 हजार 640 मतदाता के नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए। साथ ही 33 हजार 604 मतदाताओं के नाम मे फॉर्म-08 के  अनुसार संशोधन किए गए। ठाकुर ने राजनैतिक दलों को निर्वाचन के अन्य प्रावधानों की भी जानकारी दी।