Adipurush के बाद अब छोटे पर्दे पर होगी ‘चिरंजीवी हनुमान’ की वापसी, स्टार प्लस ने किया नये धारावाहिक का एलान

धार्मिक ग्रंथों और मशहूर किताबों पर बने सीरियल काफी समय से लोगों के दिलों में बसे हुए हैं, लेकिन फिर भी पुरानी कहानी पर नई स्टार कास्ट के साथ नए सीरियल बनते रहते हैं। अब इस लिस्ट में भगवान हनुमान का धारावाहिक ‘चिरंजीवी हनुमान: राम भक्ति रूद्र शक्ति’ जुड़ने जा रहा है। आइए जानते हैं, कब और कहां टेलीकास्ट होगा ये शो।

सीता हरण पर आधारित है कहानी

हनुमान, भगवान श्री राम के परम भक्त हैं और श्री राम के प्रति उनकी निरंतर भक्ति के लिए व्यापक रूप से जाने जाते हैं। ऐसे कई शो हैं, जो भगवान राम की कहानी बताते हैं, लेकिन ऐसे भी शो हैं, जो भगवान हनुमान पर केंद्रित हैं- जैसे जय हनुमान, जय जय बजरंगबली, संकट मोचन महाबली हनुमान आदि।

अब इस लिस्ट में सीरियल ‘चिरंजीवी हनुमान: राम भक्ति रूद्र शक्ति’ भी जुड़ चुका है। इस शो की कहानी रावण द्वारा सीता का अपहरण और हनुमान की मदद उन्हें छुड़ाने पर आधारित है। साथी ही शो भगवान हनुमान की यात्रा को दर्शाएगा। भगवान हनुमान की गाथा का वर्णन करने वाला ये शो स्टार प्लस पर टेलीकास्ट होने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स सिया के राम और महाभारत जैसे शो के बाद शक्ति और भक्ति की गाथा के साथ ‘चिरंजीवी हनुमान’ ला रहे हैं।

लोकप्रिय रहे हैं पौराणिक धारावाहिक

छोटे पर्दे पर पौराणिक धारावाहिकों का चलन काफी अर्से से है और इनकी लोकप्रियता भी खूब रही है। सालों बाद आज भी लोग रामानंद सागर की रामायण देखना पसंद करते हैं। इसमें अरुण गोविल राम, दीपिका चिखलिया सीता और सुनील लहरी ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था। अरविंद त्रिवेदी रावण के रोल में थे और हनुमान जी का रोल दारा सिंह ने निभाया था। यह किरदार आज भी प्रभावित करते हैं। 

बड़े पर्दे पर भी रामायण और महाभारत की कहानियां प्रभावित करती रही हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म आदिपुरुष में भगवान राम की कहानी दिखायी गयी। हालांकि, फिल्म की शुरुआत ही राम वनवास और सीता के हरण के साथ होती है। इस फिल्म में भी सीता को रावण के चंगुल से छुड़ाने की कहानी दिखायी गयी थी, जिसमें हनुमान का रोल बेहद अहम था। राम का किरदार प्रभास, सीता का कृति सेनन और रावण का रोल सैफ अली खान ने निभाया था।