CG NEWS : आज से पांच सूत्री मांगों को लेकर संजीवनी और महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारी हड़ताल पर, एंबुलेंस सेवाएं रहेंगी ठप

रायपुर, 20 सितम्बर  आज बुधवार से पांच सूत्री मांगों को लेकर शुरू हो रही महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते प्रदेश में 108 और 102 की एंबुलेंस सेवाएं ठप रहेंगी। छत्तीसगढ़ संजीवनी 108 और 102 कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष राजेंद्र राठौर ने बताया कि दो-तीन माह कार्य कराकर एक माह का वेतन दिया जाता है।

राठौर ने बताया कि पांच सूत्री मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से लेकर अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गई है। विगत दिनों प्रदर्शन भी किया गया था। इस दौरान मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिला था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा है कि अब जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। बता दें कि प्रदेश में 108 और 102 के लगभग 3,200 कर्मचारी हैं। वहीं प्रदेश में 300 संजीवनी और 240 महतारी एक्सप्रेस संचालित होती है।

कर्मचारियों की यह हैं मांगें

– 102 महतारी एंबुलेंस सेवा का नई सेवा प्रदाता ठेका कंपनी द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन को निरस्त कर दस वर्षों से सेवा कार्य कर रहे कर्मचारिरयों को उनके वर्तमान कार्यस्थल पर पुन: पदस्थापना और वर्ष 2018 से शेष बचे हुए कर्मचारियों का समायोजन।

– 108 और 102 के कर्मचारियों के पूर्व बकाया वेतन का तुरंत भुगतान। माह के पहले सप्ताह में कर्मचारियों का वेतन भुगतान जारी किया जाए।

– कर्मचारियों को वर्ष 2018 से 2023 तक का वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ एरियर के रूप में एकमुश्त भुगतान।

– आठ घंटे का काम निर्धारित, अतिरिक्त समय में किए गए कार्य काी ओवरटाइम राशि दें।

– मुख्यमंत्री के वादे के अनुसार 108 और 102 एंबुलेंस सेवा को ठेका प्रथा से हटाकर सरकार द्वारा स्वयं संचालन कर 60 वर्ष तक नौकरी की गारंटी।