केजरीवाल बोले- ‘जब आतंकियों से मुठभेड़ में हमारे जवान शहीद हुए तब जश्न मना रही थी BJP’

जगदलपुर,16 सितम्बर । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान जगदलपुर में सभा कर रहे हैं। लालबाग मैदान में उनकी सभा हो रही है। केजरीवाल ने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर में एनकाउंटर हुआ और हमारे जवान शहीद हुए तब बीजेपी हेडक्वार्टर में जश्न मनाया जा रहा था।

हमारे जवान हमारे आर्मी अफसर शहीद हो गए, लेकिन अब तक बीजेपी के कोई बड़े नेता ने उस पर कुछ नहीं कहा। छोटी-छोटी बातों पर वे ट्वीट करते हैं लेकिन शहादत के लिए उन्होंने कोई दुख नहीं जताया। हम अपने भारत से प्यार करते हैं। विपक्ष के गठबंधन ने अपना नाम इंडिया रखा तो बीजेपी वालों ने देश का नाम बदलने का सोच लिया। हिम्मत है तो इंडिया का नाम बदल के दिखाओ। ये हिंदुस्तान हमारा है किसी के पिताजी का नहीं है।

भगवंत मान ने कांग्रेस और बीजेपी को घेरते हुए कहा कि, ये लोग कफन के भी पैसे खा गए हैं। अरविंद केजरीवाल के मेनिफेस्टो देखकर अन्य पार्टियों ने भी अपने मेनिफेस्टो बदले हैं। अच्छे दिन कब आने वाले हैं। यह तो सिर्फ जुमला निकला। मान ने कहा कि, ऐसी भीड़ पहले पंजाब चुनाव में दिखी थी। अब यहां दिख रही है।

आम आदमी पार्टी की योजना के चलते दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों से बच्चों को निकालकर सरकारी स्कूलों में दाखिल करवाया जा रहा है। एक ही बेंच पर जज का बेटा, नेता का बेटा और एक झोपड़ी वाले का बेटा साथ बैठकर पढ़ रहे हैं। पहले झाड़ू से दुकान और मकान साफ करते थे अब केजरीवाल के नेतृत्व में पूरे हिंदुस्तान को साफ किया जाएगा। हर समस्या का एक ही हल है, आम आदमी पार्टी। दरिया को रोका नहीं जाता हम अपना रास्ता खुद बनाते हैं। अभी 200 रुपये सिलेंडर सस्ता कर दिया गया। लेकिन ये नहीं बताया कि कितना महंगा किया था।

तस्वीरों में देखिए केजरीवाल की सभा

लालबाग मैदान में केजरीवाल और भगवंत मान का स्वागत किया गया।

लालबाग मैदान में केजरीवाल और भगवंत मान का स्वागत किया गया।

केजरीवाल की सभा के लिए लालबाग मैदान में लोगों की भीड़ जुट रही है।

इससे पहले रायपुर दौरे के दौरान उन्होंने 9 गारंटी दी थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि, 10वीं गारंटी छत्तीसगढ़ के अगले दौरे पर दूंगा। यह गारंटी किसानों और आदिवासियों के लिए रहेगी। आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल और पंजाब के सीएम मान के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस और वहां से सभा स्थल तक सैकड़ों जवानों की तैनाती की गई है।

10 प्रत्याशियों का हो चुका ऐलान

विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 10 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। इनमें भानुप्रतापपुर सीट से AAP के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी चुनाव लड़ेंगे। भानुप्रतापपुर के अलावा पार्टी ने दंतेवाड़ा, नारायणपुर, अकलतरा, कोरबा, राजिम, पत्थलगांव, कवर्धा, भटगांव और कुनकुरी से प्रत्याशी उतारे हैं।