अफ्रीकी देशों के साथ व्यापार व निवेश संबंधों को बढ़ावा देना प्राथमिकता: मोमेन

ढाका । बंगलादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन ने ‘राष्ट्रमंडल व्यापार और निवेश फोरम बंगलादेश 2023’ कार्यक्रम में आयोजित एक प्रश्नोत्तर सत्र में कहा कि ढाका तथा अफ्रीकी देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को बढ़ावा देना देश की प्राथमिकता है। डॉ. मोमेन ने अपने संबोधन में अफ्रीकी देशों के साथ विशेष रूप से फार्मास्यूटिकल्स, कपड़ा, ऊर्जा, नीली अर्थव्यवस्था और सूचना तथा संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) जैसे प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत व्यापार और निवेश संबंध स्थापित करने की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

सत्र में बंगलादेश की दूरदर्शी ‘लुक अफ्रीका’ नीति पर भी प्रकाश डाला गया जो अफ्रीकी देशों के साथ संबंधों को मजबूत करने की रणनीतिक प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें व्यापार, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, आईटी, आईसीटी, हवाई व समुद्री कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य देखभाल, अनुबंध खेती, लोगों से लोगों के बीच संपर्क तथा राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा छूट सहित सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की रूपरेखा दी गई।