CG Crime :जंगल में दोस्त की पत्‍थर से कुचलकर कर दी हत्या, सोने का झुमका बना हत्या का कारण

राजनांदगांव,25 अगस्त  घुमका के ग्राम टूरीपार में एक शख्‍स की हत्या की गुत्थी पुलिस से सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान टूरीपार निवासी 42 वर्षीय अशोक वर्मा के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक 19 अगस्त से लापता था। जिसकी गुमशुदगी रिपोर्ट स्वजन ने थाने में दर्ज कराई थी। 

पुलिस ने बताया कि मृतक राजनांदगांव में बरबसपुर निवासी रुपझर गोस्वामी और मुड़पार निवासी रेखालाल साहू के साथ देखा गया था। मृतक ने राजनांदगांव के किसी ज्वेलर्स के यहां सोने के झुमके को गिरवी रखा था। झुमका रुपझर गोस्वामी की पत्नी का था। मृतक और आरोपित गिरवी रखे झुमका को छुड़वाने आए थे। लेकिन पैसा नहीं होने के कारण झुमका छुड़वा नहीं पाए। 

इसके बाद तीनों राजनांदगांव से मोहारा भट्टी शराब पीने चले गए। शराब पीने के बाद तिलई-खैराझिटी होते हुए कलडबरी पहुंचे। इसी बीच झुमका को लेकर रुपझर और अशोक वर्मा के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों आरोपित अशोक वर्मा को कलडबरी के जंगल में ले गए। आरोपित रुपझर ने मृतक को पकड़ा। रेखालाल साहू ने पत्थर से अशोक वर्मा के सिर को कुचल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों वापस अपने घर आ गए। वहीं शव को जंगल में ही छोड़ दिया। रात होने के बाद आरोपित रेखालाल कलडबरी के जंगल में पहुंचा और शव को उठाकर कलडबरी के समीप बंद पड़े पेट्रोल के टैंक में डाल दिया। 

पूछताछ में टूटे आरोपित

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित पुलिस को गुमराह करते रहे। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपितों ने राज खोल दिया। थाना प्रभारी विनय परमार ने बताया कि मृतक अशोक वर्मा ने आरोपित रुपझर की पत्नी के सोने के झुमके को गिरवी रख दिया था। आरोपित और मृतक के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद आरोपितों ने मिलकर हत्या कर दी।