C.G. BREAK : आर्थिक तंगी के कारण महिला ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में किया जिक्र, लिखा- पति की गलती नहीं; बेटे का ख्याल रखना

जांजगीर, 24 अगस्त । जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मड़वा में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र के कर्मचारी की पत्नी ने घर के बरामदे में लगी खिड़की से फांसी लगाई। उसका शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला है।

पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी के कारण जान देने का जिक्र है। साथ ही लिखा है कि, मेरे बेटे का ख्याल रखना। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मड़वा में अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र के कर्मचारी यशवंत शर्मा के साथ उसकी पत्नी तृप्ति रहती थी। यशवंत बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे नाइट शिफ्ट में काम पर चला गया। घर में सिर्फ तृप्ति और 10 साल का बेटा विवान था।

सुबह बच्चे ने देखी फंदे पर लटकी लाश

सुबह साढ़े 5 बजे जब बच्चा जगा, तो उसने अपनी मां को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद विवान ने अपने पिता को घटना की जानकारी मोबाइल के माध्यम से दी। इधर बेटे की बात सुनकर पिता तत्काल घर पहुंचा। पत्नी को फांसी पर लटका हुआ देखकर तुरंत उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने पति और बच्चे का बयान दर्ज किया है। बच्चे ने बताया कि बुधवार सुबह मां और पापा का झगड़ा हुआ था। जिसके बाद मां मकान के बाहर बरामदे में थी। उसने बताया कि पास में रखे चाकू से मां ने नस काटने की भी कोशिश की थी, लेकिन फिर उसने ऐसा नहीं किया।

पुलिस ने सुसाइड नोट किया बरामद

तृप्ति शर्मा के शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता को लिखा है कि आर्थिक तंगी के कारण मैं अपनी जान दे रही हूं, मेरे पति की कोई गलती नहीं है, उसे कुछ मत करना। मेरे बेटे का ख्याल रखना।

वहीं बच्चे ने बताया कि पापा के काम पर जाने के बाद वो मोबाइल देखते-देखते रात में सो गया था। सुबह जब उठा, तो उसने अपनी मां को फांसी के फंदे पर लटके हुए देखा। मृतका के पति यशवंत शर्मा ने बताया दुर्ग से उसका ट्रांसफर 2 महीने पहले ही ग्राम मड़वा के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र में हुआ है। उसे पिछले 2 महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसकी वजह से आर्थिक परेशानी चल रही थी।