BALCO : गुरु पूर्णिमा पर परशुराम सेना ने सर्व ब्राह्मण समाज के साथ मिलकर किया वृक्षारोपण, विप्र छात्र प्रतिभा सम्मान

कोरबा, 03 जुलाई। कोरबा परशुराम सेना द्वारा सर्व ब्राह्मण समाज के सहयोग से गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी वृक्षारोपण कर सामाजिक गुरु परशुराम को समर्पित करते हुए पर्यावरणीय संरक्षण का संकल्प लिया।
आषाढ़ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के दिन गुरु पूर्णिमा अथवा व्यास पूर्णिमा का आयोजन किया जाता है। इस दिन महर्षि वेद व्यास का पूजन और अर्चन किया जाता है। वेद व्यास को महाभारत का रचनाकार और पुराणों का व्याख्याता माना जाता है। महर्षि व्यास पाराशर ऋषि के पुत्र तथा महर्षि वशिष्ठ के पौत्र थे।आज इसी उपलक्ष्य में परशुराम सेना ने सर्व ब्राह्मण समाज के संरक्षण में वृक्षारोपण का कार्यक्रम ब्रह्म वाटिका में आयोजित किया, जिसमें महिला विप्र इकाई के सदस्यों के साथ फलदार वृक्ष लगाए गए।

कार्यक्रम में पर्यावरण का संरक्षण एवं संवर्धन करने का संकल्प लिया गया। सर्व ब्राह्मण समाज के सचिव श्री संजय तिवारी ने बारिश के मौसम में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की । साथ ही कक्षा 12 वी में शामिल प्रतिभावान ब्राह्मण छात्र का सम्मान समारोह करने और 10 वी के बाद की शिक्षा हेतु आर्थिक रूप से कमजोर छात्र के आगे की पढ़ाई हेतु योजना की घोषणा की और इसकी जिम्मेदारी परशुराम सेना को दी गई। गुरु पूर्णिमा के सुअवसर पर विप्र छात्रा कुमारी एकता शर्मा को कक्षा 12 में 96% अंक लाने और निट में 99.23 सीजीपीए के साथ एमबीबीएस हेतु सफलता पर विप्र समाज द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परशुराम सेना के अध्यक्ष डॉ नंद कुमार त्रिपाठी,सचिव रवीन्द्र दुबे,सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अरुण शर्मा,राजेश दुबे, कामेश्वर धर दीवान,अजय पांडे, बृजेश शर्मा, प्रभात शर्मा,माधुरी त्रिपाठी, मधु पांडे सहित अन्य विप्र बंधु और भगिनी उपस्थित रहे।