रांची में बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत, छत्तीसगढ़ में आज भी लू का अलर्ट; बादलों के जल्दी आने के मिलने लगे हैं संकेत

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थिति बन रही है। दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम राज्यों के अलावा मानसून पूर्वी सीमा तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात बिपरजॉय की वजह से रुके मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है।

मानसून के सक्रिय होने से पूर्वोत्तर राज्यों में मंगलवार को भारी हुई। झारखंड के रांची समेत कई हिस्सों में बारिश के साथ मानसून ने दस्तक दी है। राज्य में तेज हवाओं और बारिश के बीच बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हुई है। 3 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

इधर, छत्तीसगढ़ अभी भीषण गर्मी की चपेट में है। करीब आ रहे मानसून को छत्तीसगढ़ में इसी गर्मी की वजह से चाल मिलेगी और एक-दो दिन में प्रदेश के दक्षिणी हिस्से, खासकर दक्षिण बस्तर में नमी बढ़ने लगेगी। इस नमी के कारण बस्तर में कहीं-कहीं आंधी के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

हालांकि रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में बुधवार को भी लू चलेगी या इसके हालात बने रहेंगे। अभी पूरा छत्तीसगढ़ पश्चिम यानी राजस्थान की ओर से आ रही शुष्क और बेहद गर्म हवा की चपेट में है। मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन का तापमान लगातार सामान्य से ऊपर चल रहा है। मंगलवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में लू चली। खासतौर पर रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर और दुर्ग में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा और सभी जगह तापमान सामान्य से ऊंचा रिकार्ड किया गया।

दिन में तेज गर्मी की वजह से रात भी काफी गर्म बीत रही है। रात का तापमान सभी जगहों पर सामान्य से चार से छह डिग्री तक अधिक है। रात में भी हवा झुलसा देने वाली है। प्रदेश में अधिकांश जगह रात का तापमान 30 डिग्री से ऊपर है।

छत्तीसगढ़ में मानसून दक्षिण बस्तर से दाखिल होता है। आमतौर पर सुकमा जिले से और कभी-कभी बीजापुर जिले से मानसून के बादल दाखिल होकर 24 से 48 घंटे में ही बस्तर में अधिकांश हिस्से में फैल जाते हैं। वहां से मानसून धमतरी, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में सक्रिय होता है। इन सभी जिलों में अभी भीषण गर्मी पड़ रही है इसलिए बादलों के जल्दी आने के संकेत मिलने लगे हैं।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में समुद्र की तरफ से कुछ नमी आ रही है। जगदलपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान (शाम-रात में) हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नमी के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राजधानी में भी बुधवार को आसमान में हल्के बादल रहेंगे। दिन का तापमान 42 डिग्री के आसपास रहेगा।