कोरबा,17 जुलाई (वेदांत समाचार)। ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुभ बुध पुष्य नक्षत्र के अवसर पर बच्चों का स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराया गया।
कार्यक्रम में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेदिक पद्धति से प्रतिरक्षा क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान बच्चों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुसार संतुलित आहार, दिनचर्या, योग एवं प्राणायाम की जानकारी देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन में स्वर्ण भस्म, शहद, घी तथा अन्य आयुर्वेदिक औषधियों का उपयोग किया जाता है। उनके अनुसार यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक माना जाता है तथा बदलते मौसम में होने वाले संक्रमणों से बचाव में लाभदायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से यह संस्कार कराने से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी सकारात्मक सहायता मिलने की बात आयुर्वेद में कही गई है।
शिविर में श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्विनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, देवबली कुंभकार, शैल कुमारी निषाद, अमर बघेल, गुनगुन, लक्ष्मी तथा पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

