Mission Life : स्वामी आत्मानंद विद्यालय जांजगीर के NCC कैडेटों ने लगाए पशु-पक्षी के लिए कृत्रिम घोसले

जांजगीर-चांपा 1 जून 2023 । कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशन में मिशन लाइफ पर्यावरण के लिए जीवन शैली के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में आज पशु-पक्षी के बचाव एवं पुनर्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद विद्यालय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल जांजगीर के ट्रूप नं. 325 के एनसीसी कैडेटों द्वारा विद्यालय परिसर में पक्षियों और छोटे पशुओं के लिए स्वनिर्मित घोसले पेड़ पर लगाए गए। साथ ही उनके लिए पानी और अन्न की व्यवस्था की गई।


एनसीसी अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में कृत्रिम घोसले लगाए गए। यह घोसले कैडेटों द्वारा बिना लागत के बनाये गए हैं। प्राचार्य चक्रपाल तिवारी ने बताया कैडेटों द्वारा मिशन लाइफ के तहत जल स्रोतों की सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक का रीयूज जैसे अभियान चलाये जा रहे हैं। कैडेटों के द्वारा कबाड़ सामग्री तेल के टीपे, वेस्ट प्लास्टिक के डिब्बे, पुराने मटके आदि से कृत्रिम घोसले बनाकर पेड़ पर लटकाए गए। शहर के बगीचों एवं शांत वातारवरण के क्षेत्रों में इस अभियान का विस्तार भी किया जाएगा। एनसीसी कैडेटों द्वारा अपने घर की छतों व वृक्षों पर पक्षियों को पीने के पानी और खाने के लिए दाना भी डाला जा रहा है।