मुख्यमंत्री के सलाहकार ने सराधुनवागांव गौठान का किया अवलोकन, गोबर पेंट उत्पादन कार्य का किया प्रशंसा

कांकेर । मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के योजना, नीति, कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग के सलाहकार प्रदीप शर्मा ने आज चारामा विकासखण्ड के ग्राम सराधुनवागांव के गौठान का अवलोकन कर गौठान में किये जा रहे गोबर पेंट निर्माण इकाई, प्लाई एस इंर्ट निर्माण इकाई, मिनी राईस मिल और बोरा सिलाई एवं प्रिंटिंग इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने समूह के सदस्यों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गोबर पेंट निर्माण अधिक से अधिक मात्रा में करें, ताकि आय में वृद्धि हो सके। इसके अलावा वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण कर ज्यादा से ज्यादा लाभ कमायें।

सराधुनवागांव के स्व सहायता समूह की सदस्यों ने प्रदीप शर्मा  को  चर्चा के दौरान बताया कि चार महीने में गोबर पेंट बनाकर 24 लाख रूपये का विक्रय किया गया है, जिसमें से समूह की महिलाओं को 07 लाख 50 हजार रूपये की अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हुई है। समूह की महिलाओं की मांग पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को हाट-बाजार स्थल पर प्राकृतिक गोबर पेंट बिक्री करने हेतु शेड निर्माण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने गोबर पेंट इकाई का अवलोकन करते हुए स्व-सहायता समूह की महिलाओं से पेंट निर्माण विधि का जानकारी ली तथा गोबर पेंट उत्पादन कार्य का प्रशंसा भी किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित नोडल अधिकारी को उद्योग के सुरक्षा नियमों को गोबर पेंट बनाने के स्थल प्रदर्शित करने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सावित्री मनोज मंडावी, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष बालम चक्रधारी, गौ सेवा आयोग के सदस्य नरेंद्र यादव, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नरेश ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, चारामा के जनपद सीईओ जी.एस. बढ़ई, गौठान समिति के अध्यक्ष सरजूप्रसाद नरेटी, कृषि विभाग के उप संचालक एन.के नागेश सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।