शरबत और ठंडा पानी पीकर राहगीरों को मिल रही राहत

रायगढ़,09 मई   ग्रीष्म ऋतु में लोगों को शीतल पेय जल पिलाना बेहद पुण्य कार्य है। रायगढ़ के रामनिवास टाकीज अग्रसेन चौक पर युवा संघ के द्वारा स्टाल लगाकर शीतल पेय जल का वितरण किया जा रहा है। रामनिवास टाकीज चौक युवा संघ द्वारा बीते दो वर्षों से नियमित रूप से ग्रीष्म ऋतु में शीतल पेय जल का स्टाल लगाया जाता है। इस वर्ष 15 मार्च से स्टाल शुरू किया गया है। जहां प्रतिदिन संघ के सदस्य लोगों को शीतल पेय जल वितरित कर रहे हैं। इस पुनीत कार्य में युवा संघ के संयोजक एवं नगरनिगम के पूर्व सभापति सुरेश गोयल बेहद तन्मयता से जुटे हैं।

भीषण गर्मी के इस मौसम में दूर दराज से आए लोगों के अलावा शहर के लोग भी प्यासे कंठ को तर करने स्टाल के पास रूकते ही हैं। लोगों का कहना है कि रायगढ़ शहर में ग्रीष्म काल में लोगों को शीतल पेय पिलाने की परम्परा है। मौजूदा दौर में भी इसका निर्वाह किया जा रहा है। खास बात यह है कि युवा संघ के स्टाल में लोगों को शीतल पेय जल पिलाने के लिए स्थानीय व्यवसायी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। साथ ही युवा संघ के सदस्य नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं।