Republic Day 2024: हैं तैयार हम: महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, गणतंत्र दिवस 2024 होगा खास, कर्तव्य पथ पर परेड में केवल महिलाओं की होगी भागीदारी

गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्त्तव्य पथ पर होने वाले आधिकारिक समारोह में मार्च करने वाली टुकड़ी और बैंड दस्ते में शामिल सभी प्रतिभागी महिलाएं हो सकती हैं। अधिकारी इस तरह के प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं। रक्षा सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।

कहा गया है कि विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय किया गया कि अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में शामिल टुकड़ियों (मार्चिंग और बैंड), झांकी और अन्य प्रदर्शनों में केवल महिला प्रतिभागी होंगी।

देश के स्वाधीनता सेनानियों का सम्मान किया जाता है

उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय, संस्कृति और शहरी विकास मंत्रालयों को योजना के बारे में सूचित कर दिया गया है। सेना के सूत्रों ने बताया कि उन्हें पत्र मिला है और वे चर्चा कर रहे हैं कि इसे कैसे लागू किया जाए। गणतंत्र दिवस परेड भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और उपलब्धियों का प्रदर्शन है, जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं और कई लोग टेलीविजन पर देखते हैं। इस दिन देश के स्वाधीनता सेनानियों का सम्मान किया जाता है। हाल के वर्षों में परेड ने सशस्त्र बलों और अन्य क्षेत्रों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व और नेतृत्व के लिए कई मील के पत्थर देखे हैं।

डेयरडेविल्स टीम के हिस्से के रूप में बाइक स्टंट करने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं

2019 में कैप्टन शिखा सुरभि सेना की डेयरडेविल्स टीम के हिस्से के रूप में बाइक स्टंट करने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं। अगले साल कैप्टन तानिया शेरगिल एक पुरुष दल का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं। 2021 में फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कांत परेड में भाग लेने वाली पहली महिला लड़ाकू पायलट बनीं।