KORBA : बारिश के बीच बालको सेक्टर-6 के मकान में निकला चार फीट लंबा कोबरा, स्नेक रेस्क्यूर टीनू आनंद ने किया सुरक्षित रेस्क्यू... - vedantsamachar.in

KORBA : बारिश के बीच बालको सेक्टर-6 के मकान में निकला चार फीट लंबा कोबरा, स्नेक रेस्क्यूर टीनू आनंद ने किया सुरक्षित रेस्क्यू…

कोरबा,08 जुलाई (वेदांत समाचार)। लगातार हो रही बारिश के कारण रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। इसी क्रम में बालको के सेक्टर-6 स्थित एक मकान में मंगलवार को करीब चार फीट लंबा विषैला कोबरा दिखाई देने से घर के लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही बालको के स्नेक रेस्क्यूर टीनू आनंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

टीनू आनंद ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से बालको क्षेत्र में निःशुल्क सर्प रेस्क्यू सेवा प्रदान कर रहे हैं। इस दौरान वे हजारों विषैले और गैर-विषैले सर्पों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे 24 घंटे आपात स्थिति में रेस्क्यू के लिए उपलब्ध रहते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने अथवा पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूर को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।

साथ ही उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए पीड़ित को सीधे जिला अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय समय पर चिकित्सकीय उपचार ही सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति की जान बचा सकता है।