जगदलपुर,08 जुलाई (वेदांत समाचार) । यदि आपके मोबाइल पर भी ई-चालान जमा करने का मैसेज आया है, तो भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें। बस्तर जिले में फर्जी ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
परिवहन विभाग के अनुसार साइबर अपराधी एसएमएस, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सरकारी नोटिस जैसे दिखने वाले फर्जी ई-चालान संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही लोग नकली वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं, जो देखने में सरकारी पोर्टल जैसी प्रतीत होती है। वहां वाहन नंबर, मोबाइल नंबर, बैंकिंग जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण और ओटीपी जैसी गोपनीय सूचनाएं हासिल करने की कोशिश की जाती है।
ठग लोगों पर तत्काल भुगतान का दबाव बनाने के लिए कानूनी कार्रवाई, भारी जुर्माना या वाहन जब्त करने जैसी धमकियां भी देते हैं। कुछ मामलों में एपीके (APK) फाइल या मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे ऐप मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर देते हैं, जिससे बैंक खाते, यूपीआई और अन्य निजी जानकारियां साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती हैं।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डुलीचंद बंजारे ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान का भुगतान केवल आधिकारिक पोर्टल पर सत्यापन के बाद ही करें। अज्ञात नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और संदिग्ध संदेश मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें। विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकती है।

