गौमूत्र खरीदी में रायगढ़ छत्तीसगढ़ में टॉप

रायगढ़,01 मई । जैविक कृषि को बढ़ावा देने गौठानों में होने वाले गौमूत्र खरीदी में रायगढ़ जिला पूरे प्रदेश में टॉप पर है।रायगढ़ में अब तक 14 हजार 154 लीटर गौमूत्र खरीदा जा चुका है। जिससे जैविक कीटनाशी ब्रह्मास्त्र और वृद्धिवर्धक जीवामृत तैयार किया जा रहा है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने पशुपालन विभाग को गौमूत्र की खरीदी बढ़ाने और इससे तैयार उत्पाद जैसे ब्रम्हास्त्र एवम जीवामृत के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हुए हैं।

जिसका परिणाम रहा कि गो मूत्र खरीदी में जिला पूरे प्रदेश में अव्वल है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पहल पर प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए गौठानो में वर्मी कंपोस्ट निर्माण के साथ हरेली त्यौहार के दिन गौमूत्र खरीदी की शुरुआत की गई है। जिसके बाद से ही रायगढ़ जिले के गौठानो में भी महिला समूहों के माध्यम से गौ मूत्र खरीदी की जा रही है। गौ मूत्र से कीटनाशी ब्रह्मास्त्र और वृद्धिवर्धक जीवामृत जैसे जैविक उत्पाद तैयार किया जा रहा है।