जांजगीर-चांपा, 6 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। अपराधों की विवेचना को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले में नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल साक्ष्य संग्रहण और वैज्ञानिक जांच प्रक्रिया को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने जिले के पुलिस विवेचकों को 99 हाईटेक मोबाइल फोन वितरित किए। इस पहल से घटनास्थल पर डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने, जांच में पारदर्शिता बढ़ाने और विवेचना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अपराध अनुसंधान को अधिक तकनीक-सक्षम, साक्ष्य-आधारित और प्रभावी बनाना है। हाईटेक मोबाइल मिलने के बाद अब विवेचक घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तत्काल एवं सुरक्षित संग्रहण कर सकेंगे। इससे जांच प्रक्रिया तेज होने के साथ-साथ न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की विवेचना समय-सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में घटनास्थल से प्राप्त होने वाले हर महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य का वैज्ञानिक तरीके से संकलन और संरक्षण किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने विवेचकों से कहा कि प्रत्येक मामले में त्वरित रिस्पॉन्स, घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण, वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य संग्रहण और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें, ताकि अपराध अनुसंधान अधिक प्रभावी बन सके और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
पुलिस विभाग के अनुसार इस पहल से विवेचकों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों का लाभ मिलेगा। मोबाइल उपकरणों की सहायता से वे घटनास्थल का विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर सकेंगे, आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से संरक्षित कर पाएंगे तथा जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रियल टाइम समन्वय स्थापित कर सकेंगे। इससे न केवल विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि पूरी जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह भी बनेगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से अपराध अनुसंधान की कार्यकुशलता बढ़ेगी, साक्ष्यों के संरक्षण में त्रुटियों की संभावना कम होगी और न्यायिक प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी। नई तकनीक का यह उपयोग भविष्य में जिले की पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

