Vedant Samachar

कोरबा:रामपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में छत्तीसगढ़ी परिधान में गरबा डांस की धूम, देखिए वीडियो

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा,28 सितम्बर (वेदांत समाचार)। नवरात्रि उत्सव के तहत कोरबा जिले के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रामपुर में इस बार दुर्गा पूजा उत्सव ने लोगों का मन मोह लिया है। शिव शक्ति दुर्गा पूजा उत्सव समिति के तत्वावधान में स्थापित दुर्गा माता पंडाल में जहां दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न हो रहे हैं, वहीं शाम ढलते ही गरबा डांस का आकर्षक आयोजन कॉलोनीवासियों और आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।

इस गरबा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक रीति-रिवाज और परिधानों के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर वर्ग के लोग पारंपरिक वेशभूषा धारण कर गरबा की ताल पर थिरकते नज़र आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ी लोक-संस्कृति और आधुनिक गरबा शैली का संगम इस आयोजन को विशेष बना रहा है।

बच्चों को गरबा नृत्य का प्रशिक्षण देने वाली किरण तिवारी ने बताया कि हर वर्ष कुछ नया करने की परंपरा रही है। इस बार विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी परिधान पहनकर डांस कराने का निर्णय लिया गया, ताकि स्थानीय संस्कृति की झलक के साथ-साथ गरबा का आनंद भी लोगों को मिल सके। उनका कहना है कि जब बच्चे और युवा पारंपरिक वेशभूषा में गरबा प्रस्तुत करते हैं तो दृश्य और भी मनमोहक हो जाता है।

समिति के संरक्षक संतोष बिसोने ने कहा कि इस वर्ष दुर्गा माता की प्रतिमा अत्यंत भावमयी और आकर्षक है। माता के दर्शन के लिए न केवल कॉलोनीवासी बल्कि बाहर से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु सुबह से देर रात तक पूजा-पाठ और दर्शन में जुटे रहते हैं। समिति के अध्यक्ष अंबुज शर्मा का कहना है कि पूजा और अनुष्ठान पूर्ण विधि-विधान के साथ किए जा रहे हैं, जिससे भक्तों को माता का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।

हालांकि, इस दुर्गा पूजा समिति की विशेष पहचान गरबा डांस ही बन चुकी है। शाम होते ही पंडाल और मैदान तालियों, ढोलक और गीत-संगीत की धुनों से गूंज उठता है। बच्चों के साथ युवा और महिलाएं भी रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी नृत्य करती हैं। वहीं बुजुर्ग भी पीछे नहीं रहते, वे भी अपने उत्साह और श्रद्धा से इस आयोजन को खास बना रहे हैं।

रामपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आयोजित यह गरबा उत्सव न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक मेल-जोल और सांस्कृतिक समृद्धि का भी उदाहरण बन गया है। परिवार, समाज और संस्कृति को जोड़ने वाला यह आयोजन आने वाले दिनों में भी और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।

यहां की रौनक देखकर साफ कहा जा सकता है कि इस बार नवरात्रि उत्सव में गरबा डांस ने लोगों के दिलों में विशेष जगह बना ली है।

Share This Article