सात फेरे हुए विवाह की सारी रस्में निभाई गईं, दो दिन तक दुल्हन ने पूरे घर की सेवा की…फिर हुई फरार..जानिए पूरी वारदात

अशोकनगर। अशोकनगर का युवक हाल ही में दूल्हा बना था, मंदिर में शादी की, आस-पड़ोस और नातेदारों को दावत देने की तैयारी चल रही थी। अचानक सुबह नींद खुलती है और युवक देखता है कि घर की नगदी-जेवरात और उसकी नई नवेली दुल्हन भी गायब है। दरअसल अशोकनगर के अनिल भार्गव ने हाल ही में मंदिर से ब्याह रचाया था। लड़की पक्ष से मुलाकात उसके दोस्त ने कराई थी। सात फेरे हुए, दो दिन तक दुल्हन ने पूरे घर की सेवा की और फिर रात के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। इसके बाद दुल्हन घर का नगदी-जेवरात लेकर चंपत हो गई।

अब ठगा महसूस कर रहा दूल्हा पुलिस थाने के चक्कर लगा रहा है। यह घटना अशोक नगर के सेमरा हाट गांव की है। अनिल भार्गव नाम के युवक को उसके गुना में रहने वाले दोस्त कमलेश कोरी ने यह रिश्ता बताया था। लड़की की भोली सी सुंदर सूरत देखकर अनिल ने तुरंत शादी के लिए हां कह दी। मंदिर में दोनों ने सात फेरे लिए थे। 16 अप्रैल को ब्याह हुआ और 19 अप्रैल को ही दुल्हन ने पूरा घर समेटा और रफूचक्कर हो गई।पीड़ित दूल्हे अनिल ने बताया कि उसकी उम्र 39 साल है। शादी नहीं होने के कारण परिवारवाले परेशान थे। गुना के रहने वाले दोस्त कमलेश ने उड़ीसा में रहने वाली युवती के परिजनों से मिलवाया। मुझे वह पसंद आ गई और हमने मंदिर में जाकर शादी कर ली। इसके बाद दुल्हन का गृहप्रवेश कराया गया और विवाह की सारी रस्में निभाई गईं। दो दिन में उसने सबका दिल जीत लिया।

लेकिन 19 अप्रैल की सुबह 10 बजे तक सब सोते रहे। मां की नींद खुली तो उन्हें दुल्हन नजर नहीं आई। तलाशी ली तो पता चला कि घर के जेवरात और 2 लाख रुपए नगद गायब मिले। अनिल ने बताया कि दुल्हन उसका मोबाइल भी अपने साथ ले गई है। उसे पता होता कि भोली सी सूरत के पीछे लुटेरा मन है तो कभी उससे शादी नहीं करता। युवक ने थाने में शिकायत दी है, पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरी दुल्हन की तलाश करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में उड़ीसा की लड़कियों से शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले कई गिरोह सक्रिय हैं। ये गिरोह इसी तरह ऐसे लोगों को तलाशते हैं जिनकी शादी नहीं हो रही होती। फिर उन्हें शादी का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठी जाती है और फिर बाद में दुल्हन घर का नगदी जेवरात लेकर चंपत हो जाती है।