शादी समारोह के दौरान बड़ी वारदात,दूल्हा-दुल्हन पर किसी ने एसिड फेंक दिया,इसकी चपेट में आकर दूल्हा-दुल्हन और छह व चार साल के दो बच्चों सहित 12 लोग घायल

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बुधवार रात को एक शादी समारोह के दौरान बड़ी वारदात हो गई। कार्यक्रम में किसी ने दूल्हा-दुल्हन पर एसिड फेंक दिया। इसकी चपेट में आकर दूल्हा-दुल्हन और छह व चार साल के दो बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। वारदात लाइट जाने के दौरान हुई है। ऐसे में एसिड फेंकने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बस्तर ब्लॉक के ग्राम छोटे आमाबाल में सुधापाल निवासी डमरु बघेल (23) और सुनीता कश्यप (19) की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक से कार्यक्रम में लाइट चली गई। इसी बीच किसी ने दूल्हा-दुल्हन पर एसिड फेंक दिया। इसके चलते उनके पास खड़े अन्य लोग भी चपेट में आ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। लाइट आई तो वारदात का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उनके आते ही आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया।

एसिड अटैक की वारदात में दूल्हा डमरु बघेल (23), दुल्हन, सुनीता कश्यप (19), संपत बघेल (32), छह साल का टेमेश्वर मौर्य, तुला कश्यप (19), चार साल की जामनी कश्यप, गूंजी ठाकुर (25) कारी बाई कश्यप (29), गुनमनी कश्यप (29), मालती कश्यप (38), मिटकी कश्यप (38), गोयनदा कश्यप (38) घायल हुए हैं। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल ने बताया कि, घटना की जानकारी मिली है। अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है की कितने लोग घायल हैं। घायलों को मेकाज लाने की बात भी बताई गई है। थाना प्रभारी किशोर केवट मौके पर मौजूद है। एसिड अटैक करने वाले की तलाश की जा रही है। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि लाइट जाने के दौरान वारदात हुई है।