Live in Relation : प्रेमी के साथ लौटी लापता महिला और पुलिस को बयान देकर चली गई….

कोरबा, 18 अप्रैल। शहर के निहारिका क्षेत्र से दो वर्ष पूर्व विवाहिता रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 10/21 दर्ज किया था। पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी। महिला जिस युवक के साथ भागकर बिलासपुर में रह रही थी, उसी के साथ वापस लौटी और अपना बयान दर्ज कराने के बाद वापस लौट गई। उसका पति भी इस कारनामे से हैरान है। वह पत्नी के जाने तक उसे निहारता रह गया। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन सिविल लाईन थाना क्षेत्र रामपुर अंतर्गत निहारिका कांशीनगर बस्ती निवासी अधेड़ महिला अचानक घर से लापता हो गई थी।

पति ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पति ने तत्कालिक रामपुर चौकी पहुंचकर गुम इंसान क्रमांक 10/21 दर्ज कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक यू. उदय किरण ने महिला को दस्तेयाब करने संबंधी आदेश सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन उपाध्याय को दिए। सिविल लाइन थाना टीआई श्री उपाध्याय ने साइबर सेल के साथ तालमेल बैठाकर लापता महिला के मोबाइल का नंबर बदलने पर सर्विलांस के माध्यम से उसके बारे में सही जानकारी हासिल की, जिसके आधार पर जानकारी मिली कि उक्त महिला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थानांतर्गत प्रभुबाड़ा में एक किराये पर रह रही है.

तथा वहां अपने से आधी उम्र के युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है। जानकारी मिलते ही टीआई श्री उपाध्याय ने थाने के तेज तर्रार प्रधान आरक्षक मस्तराम कश्यप एवं उनके साथ महिला आरक्षक अनिता टोप्पो को बिलासपुर रवाना किया गया। वहां से उक्त महिला को दस्तेयाब कर कोरबा लाया गया। महिला ने पुलिस को दिए बयान से सभी को चौका दिया। महिला ने कहा कि उसका प्रेमी और वह दोनों बालिग हैं और स्वेच्छा से पति-पत्नी के रूप में एक-दूसरे को स्वीकार कर रहे हैं। बयान दर्ज कराने के बाद महिला पुनः बिलासपुर के लिए रवाना हो गई। बयान दर्ज कराते समय उसका पति उसे निहारता रह गया।