धोनी ने रोहित शर्मा से लिया बदला, जडेजा-रहाणे ने चेन्नई को दिलाई जीत, मुंबई की दूसरी हार

नईदिल्ली : चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही महेंद्र सिंह धोनी की टीम ने रोहित शर्मा की टीम से मिली पिछली हार का बदला ले लिया। 2022 में दोनों टीमों के बीच दो मैच हुए थे। पहले मैच में चेन्नई को जीत मिली थी और दूसरे मुकाबले में मुंबई जीती थी। धोनी की सेना ने इस बार हिसाब चुकता कर लिया।

चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 157 रन बनाए। जवाब में चेन्नई ने 18.1 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।

चेन्नई की लगातार दूसरी जीत
तीन मैचों में चेन्नई की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उसने लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराया था। पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, मुंबई इंडियंस की बात करें तो सीजन में उसकी लगातार दूसरी हार है। पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शिकस्त दी थी।

रहाणे और ऋतुराज की शानदार पारी
रहाणे ने 27 गेंद पर 61 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने 225.93 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 36 गेंद पर नाबाद 40 रन बनाए। शिवम दुबे ने 26 गेंद पर 28 और अंबाती रायुडू ने 16 गेंद पर नाबाद 20 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे खाता नहीं खोल सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, पीयूष चावला और कुमार कार्तिकेय ने एक-एक विकेट लिए।

मुंबई का कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका
इससे पहले मुंबई के लिए ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 21 गेंद पर 32 रन बनाए। टिम डेविड ने 22 गेंद पर 31 रन का योगदान दिया। तिलक वर्मा ने 22, कप्तान रोहित शर्मा ने 21, ऋतिक शौकीन ने नाबाद 18 और कैमरन ग्रीन ने 12 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स पांच, अरशद खान दो और सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर आउट हुए। पीयूष चावला ने नाबाद पांच रन बनाए। टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका।

चेन्नई के लिए रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक विकेट लिए। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। मिचेल सैंटनर और तुषार देशपांडे को दो-दो सफलता मिली। सिसांदा मगाला ने एक विकेट अपने नाम किया।