कोरबा, 04 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मीरा रिजॉर्ट के बाहर हुए विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर बोलेरो कैंपर वाहन से अपने ही साथी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय कोरबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल दीवान के बीच कहासुनी हो गई थी। उस समय मौजूद साथियों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
बताया जा रहा है कि रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे। इसी दौरान तुषार ढांडा और उज्ज्वल दीवान के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर वाहन में बैठ गया और गुस्से में वाहन सीधे उज्ज्वल दीवान के ऊपर चढ़ा दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद वहां मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल दीवान को तत्काल जिला चिकित्सालय कोरबा पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या (मर्डर) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। वहीं, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौके पर मौजूद युवकों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जन्मदिन की खुशियां कुछ ही देर में मातम में बदल गईं और एक मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

