फंदे पर लटका मिला महिला का शव….जांच में जुटी पुलिस…..

अलीगढ़ 30 मार्च I क्वार्सी थाना क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित अंबे नगर कालोनी में बुधवार तड़के महिला का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हैंगिंग (खुदकुशी) आया है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।

मूलरूप से हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नोजरपुर निवासी 26 वर्षीय संगीता उर्फ अर्चना की शादी 2016 में अंबे नगर कालोनी में शशिकांत से हुई थी। इन पर पांच वर्ष की बेटी व तीन वर्ष का बेटा है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब चार बजे सूचना मिली कि महिला ने फंदे पर लटककर जान दे दी। मौके पर पहुंचे तो महिला का शव पंखे से लटका था। दरवाजा तोड़कर शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

संगीता के भाई जीतू ने बताया कि शादी में 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे। ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग कर संगीता को प्रताड़ित करते थे। दो दिन पहले संगीता ने फोन पर जीतू को इसकी जानकारी दी। जीतू ने बुधवार को उसके घर पर आने की बात कही थी। बुधवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

आरोप है कि पति व अन्य ससुरालियों ने संगीता की गला घोंटकर हत्या की और शव को फंदे से लटका दिया है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राठी ने बताया कि संगीता के भाई जीतू ने पति, सास-ससुर, देवर ननद समेत छह लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।

अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र के ज्वालापुरी में बुधवार सुबह युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुरी गली नंबर चार निवासी 35 वर्षीय नितिन मिश्रा नशे का आदी थे। बुधवार सुबह उन्होंने कमरे के बाहर बरामदे में बेडशीट से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौप दिया है। कोई तहरीर नहीं मिली है।