सक्ती: करंट की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत, मिक्सर मशीन हटाते वक्त 11केवी लाइन से हुई टच; 2 घायल

सक्ती। जिले में करंट की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि, 2 मजदूर घायल हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी रोड निर्माण के काम में लगे थे। इसी दौरान मिक्सर मशीन 11 केवी लाइन से टच हो गई और सभी मजदूर झुलस गए। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत खम्हरिया में सरपंच की ओर से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा था। काम खत्म होने के बाद रविवार शाम करीब 5 बजे मिक्सर मशीन को पांच मजदूर खींचते हुए दूसरी जगह ले जा रहे थे। इसी दौरान मशीन के ऊपर का हिस्सा सड़क किनारे लगे 11केवी तार की चपेट में आ गया। इससे मशीन खींच रहे राजकुमार सेवक (28) पुत्र तिहारु राम सेवक, प्रेमलाल महिलांगे (20) पुत्र रामलाल महिलांगे, अजय सिंह (22) पुत्र धनेश्वर सिंह, परउ साहू (62) और नंदलाल सिदार (27) झुलस गए।

हादसा होते देख आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से पांचों मजदूरों को चांपा अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने राजकुमार सेवक (28), प्रेमलाल महिलांगे (20) और अजय सिंह (22) को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी दोनों मजदूरों की हालत गंभीर है। उनका इलाज अभी जारी है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को तीनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।