निगम क्षेत्र में वर्तमान में प्रगतिरत हैं 100 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्य – महापौर

0 महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा-कोरोना संकट के बावजूद नहीं थमी विकास की गति, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा के विकास के लिए विभिन्न मदों में लगातार स्वीकृत कराई राशि।

कोरबा, 23 मार्च । महापौर राजकिशोर प्रसाद ने आज कहा है कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 100 करोड़ रूपये से अधिक राशि के विकास कार्य प्रगतिरत हैं, वहीं लगभग 60-70 करोड़ रूपये की लागत से वार्ड एवं बस्तियों में विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जो शीघ्र प्रारंभ होगें। उन्होने कहा कि राजस्व मंत्री श्री जयिंसंह अग्रवाल ने केरबा के विकास के लिए विभिन्न मदों के अंतर्गत लगातार राशि की स्वीकृति कराई है, परिणाम स्वरूप विकास की गति को थमने नहीं दिया गया है।
महापौर श्री प्रसाद ने कहा कि जो लोग विकास अवरूद्ध होने की बात करते हैं, वे धरातल पर उतरकर देंखे, कोरबा का जितना विकास विगत 08 वर्षो के दौरान हुआ है, उतना विकास इसके पूर्व कभी नहीं हुआ था, जबकि इसी दौरान डेढ-दो वर्ष तक कोरोना संकट से भी हम सबको जूझना पड़ा किन्तु कोरोना से लड़ाई लड़ने के बाद विकास की गति को पुनः आगे बढ़ाया गया, यहॉं तक की कोरोनाकाल में भी विकास को थमने नहीं दिया गया तथा टोटल लाकडाउन की अवधि को छोड़कर शेष समय पर विकास कार्य जारी रहें। उन्होने कहा है कि सड़क, नाली, पानी, बिजली आदि के साथ-साथ सामुदायिक भवनों का निर्माण, शेड निर्माण, चबूतरा निर्माण, सी.सी.सड़कों का निर्माण, उद्यानों का निर्माण व जीर्णोद्धार, ओपनजिम की स्थापना, खेल सुविधाओं का विस्तार, स्कूलों का निर्माण व जीर्णोद्धार सहित विकास के हर क्षेत्र में कार्य किए गए हैं। नगर निगम कोरबा क्षेत्र में घर-घर निःशुल्क नल कनेक्शन देते हुए 57 हजार से अधिक घरों में निःशुल्क कनेक्शन लगाए गए, वहीं बरसों से अंधेरे में डूबी हुई बस्तियों, पारों, मोहल्लों, ग्रामों में बिजली सुविधा उपलब्ध कराई गई, घर-घर में बिजली पहुंचाई गई। इसके साथ ही मुख्य मार्गो के साथ-साथ सभी वार्डो में आंतरिक सड़कों का निर्माण कराया गया। महापौर ने बताया कि राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल के विशेष प्रयास से निगम के 29 वार्डो में हमर क्लीनिक निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है तथा कुछ वार्डो में हमर क्लीनिक का निर्माण भी प्रारंभ हो चुका है, इससे प्रत्येक वार्ड में चिकित्सा एवं इलाज की सुविधा मुहैया हो सकेगी।

सड़कों का जीर्णोद्धार, नवनिर्माण

महापौर श्री प्रसाद ने कहा कि कोरबा शहर के मुख्य मार्गो व आंतरिक सड़कों के जीर्णोद्धार व नवनिर्माण के कार्य व्यापक पैमाने पर किए गए हैं। पूर्व में 10 करोड़ रूपये की लागत से कराए गए शहर की मुख्य सड़कों व मार्गो का जीर्णोद्धार एवं बी.टी.रोड निर्माण के साथ-साथ वर्तमान में 16 करोड़ रूपये की लागत से शहर की आंतरिक व आवासीय कालोनियों की सड़कों का जीर्णोद्धार व बी.टी. रोड निर्माण का कार्य कराया गया है। उन्होने कहा कि राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल के विशेष प्रयास से एस.ई.सी.एल. के सी.एस.आर.मद से 200 करोड़ रूपये की स्वीकृति के अंतर्गत इमलीछापर सर्वमंगला फोरलेन रोड का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं साढे़ 37 करोड़ रूपये की लागत से दर्री बराज से गोपालपुर तक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, इसी प्रकार मुड़ापार स्थित एस.ई.सी.एल.प्रवेशद्वार से सेन्ट्रल स्टोर तक बाईपास रोड का निर्माण भी पूरा किया गया है।

किए गए शहर को जलभराव से मुक्ति के कार्य

महापौर श्री प्रसाद ने आगे कहा कि सड़क, नाली, पानी, बिजली व साफ-सफाई जैसी मूलभूत जरूरतों से जुड़े कार्यो के साथ-साथ शहर के अन्य अधोसंरचनात्मक विकास कार्यो पर व्यापक कार्य किए गए हैं, उन्होने कहा कि शहर की जलभराव की समस्या से निपटने के लिए राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल के प्रयास से पूर्व में लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से अनेक स्थानों पर बड़े नालों का निर्माण कराया गया, वहीं वर्तमान में लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से 05 बड़े नालों का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है। इसी तरह बहुत से कार्य टेण्डर प्रक्रियाधीन एवं प्रस्तावित हैं, जिन्हे निकट भविष्य में प्रारंभ किया जाएगा, कुछ वार्डो में पूर्ण कार्यो, प्रगतिरत कार्यो एवं प्रस्तावित कार्यो का विवरण इस प्रकार हैं। वार्ड क्र. 01 रामसागरपारा में 09 करोड़ 58 लाख रूपये के 27 कार्यो में 11 कार्य पूर्ण, 04 प्रगतिरत एवं 12 कार्य प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 02 साकेतनगर में 15 करोड़ 78 लाख रूपये की लागत वाले 69 कार्यो में 35 पूर्ण, 06 प्रगतिरत व 28 प्र्रस्तावित कार्य है। वार्ड क्र. 09 भिलाईखुर्द में 04 करोड़ 77 लाख रूपये के 16 कार्यो में 09 कार्य पूर्ण व 07 कार्य प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 10 सीतामणी में 04 करोड़ 22 लाख रूपये के 22 कार्यो में 10 कार्य पूर्ण, 03 प्रगतिरत व 09 कार्य प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 12 शारदा विहार में 04 करोड़ 37 लाख रूपये के 27 कार्यो में 11 पूर्ण, 02 प्रगतिरत एवं 14 प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 13 परिवहन नगर में 19 करोड 32 लाख रूपये के 41 कार्यो में 16 कार्य पूर्ण 02 प्रगतिरत व 23 कार्य प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 16 कोहड़िया में 06 करोड़ 23 लाख रूपये के 29 कार्यो में 10 पूर्ण, 02 प्रगतिरत व 17 कार्य प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 18 में 01 करोड़ 67 लाख रूपये के 28 कार्यो में 17 कार्य पूर्ण, 01 प्रगतिरत व 10 प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 28 राजेन्द्र प्रसाद नगर में 03 करोड़ 10 लाख रूपये के 24 कार्यो में 05 पूर्ण, 02 प्रगतिरत, 17 प्रस्तावित कार्य है। वार्ड क्र. 31 खरमोरा में 06 करोड़ 50 लाख रूपये के 39 कार्यो में 12 पूर्ण, 05 प्रगतिरत व 22 कार्य प्रस्तावित हैं। वार्ड क्र. 32 कोसाबाड़ी में 20 करोड़ 62 लाख रूपये के 51 कार्यो में 16 पूर्ण, 08 प्रगतिरत व 27 प्रस्तावित कार्य है। वार्ड क्र. 47 जमनीपाली में 01 करोड़ 78 लाख रूपये के 22 कार्यो में 08 कार्य पूर्ण, 08 प्रगतिरत व 06 कार्य प्रस्तावित हैं तथा वार्ड क्र. 51 सरदार वल्लभभाई पटेलनगर में 02 करोड़ 94 लाख रूपये के 42 कार्यो में 19 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, 04 कार्य प्रगतिरत हैं तथा 19 कार्य प्रस्तावित हैं। इसी प्रकार अन्य सभी वार्डो में भी इसी प्रकार से विकास व निर्माण कार्य पूर्ण, प्रगतिरत व प्रस्तावित है।