KORBA : जिले में 5 स्वामी आत्मानंद स्कूल खुलने से हो जाएंगे 15, इसमें 11 इंग्लिश तो 4 हिंदी मीडियम के होंगें

कोरबा, 13 मार्च। जिले में लगातार गवर्नमेंट स्वामी आत्मानंद स्कूलों की संख्या बढ़ायी जा रही है। इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी निजी स्कूलों की तर्ज पर अध्ययन अध्यापन की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा अभी जिले में चल रहे 6 अंग्रेजी माध्यम तो 4 हिंदी माध्यम के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को मिल रही है, जबकि 5 नए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को शुरू करने की घोषणा प्रदेश सरकार ने शिक्षा बजट में कर दी है।

शिक्षा बजट में प्रदेश भर में कुल 101 स्वामी आत्मानंद शुरू करने की घोषणा ही नहीं की है, वरन उनके सेटअप व राशि की भी मंजूरी दी गई है। इससे नए स्कूलों में स्थानीय व आसपास के मेधावी बच्चे दाखिला ले सकेंगे। सरकार ने इन सभी स्कूलों को नया लुक देने के साथ साथ फर्नीचर व वहां की जरूरतों को पूरा करने के लिए 25600 लाख रुपए की मंजूरी दी है। इस राशि से एक स्कूल में 253.47 लाख रुपए खर्च होंगे। कोरबा जिले के सभी पांचों स्कूलों में 1267 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। राशि कहां और किस मद में खर्च की जाएगी इसकी जानकारी जिला शिक्षा विभाग तय करेगा।

यहां संचालित है अंग्रेजी माध्यम स्कूल


जिले में अभी 6 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का संचालन हो रहा है। जबकि 4 हिंदी माध्यम के स्कूलों की मंजूरी शासन से बीते साल ही मिल चुकी है। अंग्रेजी माध्यम में पंप हाउस स्कूल, हरदीबाजार, पाली, पोड़ी उपरोड़ा, करतला व कटघोरा में हैं। जबकि हिन्दी माध्यम में एनसीडीसी सुभाष ब्लाक, ब्वायज हायर सेकेंडरी बालको के अलावा पसान व कोरबी स्कूल को शामिल है।

नए स्कूलों में जल्द जुटाएंगे सारी सुविधाएं

जिले के 5 नए स्वामी आत्मानंद स्कूल में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इसलिए स्कूल की बिल्डिंग, डेस्क-टेबल सहित सारी सुविधाओं के इंतजाम जल्द ही कर लिए जाएंगे। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू कर ली जाएगी। ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

जानिए…कहां खोले जाएंगे 5 नए स्वामी आत्मानंद स्कूल


बजट में प्रावधान के अनुसार कोरबा जिला में 5 नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुलेंगे। ये गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल तिलकेजा, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल जमनीपाली, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल कुसमुंडा, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल दीपका व गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल गोपाल के रूप में होंगे। यहां कक्षा 1 ली से 11वीं तक में एडमिशन नए सत्र से शुरू होगा।

नए स्कूलों के लिए प्राचार्य सहित 25 स्टाफ की भर्ती


बजट में स्वीकृत नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूलों में प्राचार्य समेत 25 स्टाफ नियुक्त किए जाएंगे। सेटअप के अनुसार प्राचार्य यथावत रहेंगे। जबकि शेष 24 पदों में 10 व्याख्याता, 4 शिक्षक, 1 कम्प्यूटर शिक्षक, 1 व्यायाम शिक्षक, 5 सहायक शिक्षक, 2 सहायक शिक्षक विज्ञान व 1 ग्रंथपाल की भर्ती की जाएगी।