सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत, नायब तहसीलदार की गाड़ी ने मारी टक्कर…

महासमुंद ,10 मार्च  महासमुंद जिले के झलप-बागबाहरा रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। नायब तहसीलदार की कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पटेवा थाना क्षेत्र में हुआ है।


बताया जाता है कि नायब तहसीलदार भवानी शंकर साहू गुरुवार शाम को झलप से बागबाहरा की ओर जा रहे थे। वो अभी झलप-बागबाहरा रोड पर नरतोरा के पास पहुंचे थे, तभी ये दुर्घटना हो गई। आस-पास के लोगों ने बताया कि भवानी शंकर खुद गाड़ी चला रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बाइक आ रही थी और दोनों में टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मोटर साइकिल सवार रोड किनारे जा गिरे, उनके शरीर से काफी खून बह गया था। वहीं नायब तहसीलदार भी घायल हुए हैं। घटना के बाद नायब तहसीलदार को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा पुलिस को भी सूचना दी गई थी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद आस-पास के गुस्साए लोगों को शांत कराया गया।

इस हादसे में जिन 2 लोगों की मौत हुई है वे पठारीमुडा के रहने वाले थे। चाचा-भतीजा पठारीमुड़ा से झलप की ओर आ रहे थे। दोनों का नाम तोप सिंह दीवान(45) चाचा, सोनू दिवान(20) है। दोनों मृतकों के शवों को गुरुवार शाम को ही पीएम के लिए भेज दिया गया था। अब शुक्रवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया है।