ब्राजील में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 65 हुई

ब्राजीलिया ,28 फरवरी  ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी साओ पाउलो राज्य के तट पर पिछले सप्ताह भारी बारिश के कारण घातक बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 65 हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में 19 नाबालिग हैं। सेना के जवान, अग्निशामक, स्वयंसेवक और बचावकर्मी अभी भी शवों को बरामद करने के लिए खुदाई कर रहे हैं और लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।अधिकांश मृतक साओ सेबस्टियाओ में एक समुद्र तट, बारा डो सही के पास, सिएरा डे मार पर्वत श्रृंखला की ढलानों पर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में गरीब इलाकों में रहते थे।

बेघर हुए लगभग 2,440 लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। भूस्खलन और तूफान से हुई क्षति के कारण बंद किए गए तटीय सड़कों को रविवार को फिर से खोल दिया गया। हालांकि, साओ पाउलो राज्य में मोगी दा क्रूज को बर्टियोगा से जोड़ने वाला राजमार्ग छह महीने तक बंद रहेगा, क्योंकि बारिश ने इसकी जल निकासी प्रणाली को नष्ट कर दिया था। 19 फरवरी को, तटीय शहरों बर्टिओगा, कारागुआटाटुबा, गुआरुजा, इल्हाबेला, साओ सेबेस्टियाओ और उबातुबा में 24 घंटे से भी कम समय में रिकॉर्ड बारिश हुई।