Raigarh News : पुरानी कॉलोनी की सड़क-संसाधन दिखाकर की नई प्लॉटिंग, कलेक्टर से हुई शिकायत

रायगढ़ ,21 फरवरी । अनिल केडिया की एक और कॉलोनी का मामला सामने आया है। एक ही कॉलोनी के दो फेस पूरे करने के बाद अब फेस थ्री का काम भी चालू कर दिया गया है। इसमें पुरानी कॉलोनी सड़क को ही पहुंच मार्ग के रूप में दिखाया गया है। कॉलोनीवासियों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की है। गोवर्धनपुर में कॉलोनी काटने के लिए कब्रिस्तान के निशान मिटाने वाले अनिल केड़िया का एक और कारनामा सामने आया है। बोईरदादर के कृष्ण वाटिका कॉलोनी के तीसरे फेस का काम भी तेजी से चल रहा है। 

इसमें खास बात यह है कि तीसरे चरण के लिए कोई अलग से पहुंच मार्ग और अन्य सुविधाएं नहीं हैं। बल्कि पहले और दूसरे चरण की कॉलोनी की सडक़, मंदिर, गार्डन आदि को ही दिखाकर नई कॉलोनी पास करा ली गई है। अनिल केडिया और पंकज अग्रवाल इसमें पार्टनर हैं। कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। उनका आरोप है कि उक्त कॉलोनी में आने-जाने के लिए कोई रास्ता ही नहीं है। 

यह भी पढ़े :-नीति आयोग के CEO बनाए गए सुब्रमण्यम, छत्तीसगढ़ कैडर के 1987 बैच के हैं IAS अधिकारी

बिल्डर ने कृष्ण वाटिका फेस-1 व फेस-2 के रास्ते का उपयोग करने के लिए नक्शे में दिखाया गया है। जबकि फेस-3 के लिए अलग से रास्ता दिया जाना चाहिए था। जो रास्ता है, वह दोनों कॉलोनी के लिए नाकाफी है। बारिश के दिनों में फेस-2 के कई हिस्सों में पानी भर जाता है। कॉलोनी एक्ट को पूरी तरह से भुला दिया गया है। कृष्ण वाटिका कॉलोनी के गेट के सामने 3 स्कूल हैं, जिससे बड़ी समस्या होगी। कलेक्टर ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।

गोवर्धनपुर वाली कॉलोनी जोड़ने का प्लान

कृष्ण वाटिका फेस-3 की लोकेशन गोवर्धनपुर के कब्रिस्तान वाली जमीन के पास ही है। आने वाले दिनों में इस कॉलोनी की रोड भी कृष्ण वाटिका से होकर ही दिखाई जाएगी। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि ले-आउट को अनुमति देने के पूर्व देखा ही नहीं गया।