CG NEWS : भंडारण अवधि खत्म होने के बाद भी चल रहे 12 क्रशर

रायगढ़, 08 फरवरी । खनिज विभाग के अधिकारी भी अपने विधिवत काम छोडक़र कारोबार में लग चुके हैं। क्रशर माफिया के इशारों पर नाचने वाले अधिकारियों ने भंडारण अनुज्ञप्ति अवधि समाप्त होने के बाद भी क्रशरों को खुलकर काम करने की छूट दी है। सारंगढ़ तहसील में करीब 12 क्रशर ऐसे हैं जिनकी लाइसेंस अवधि खत्म हो चुकी है।

खनिज विभाग में जो भी अफसर आता है, वह सबसे पहले क्रशरों की नब्ज टटोलता है। कोयला खदानों और डिपो से परहेज करने वाले ये अफसर क्रशरों को दुधारू गाय मानते हैं। इसीलिए क्रशरों को अपनी शर्तों पर अवैध कारोबार करने की खुली छूट देते हैं।

अब जानकारी मिल रही है कि जिन क्रशरों को अनुज्ञप्ति अवधि खत्म होने के बाद बंद कर दिया जाना था, उनको चलाया जा रहा है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के टिमरलगा, गुड़ेली, सरसरा, सेंदुरस और खरसिया के बानीपाथर आदि गांवों में संचालित क्रशरों को एक निश्चित अवधि के लिए भंडारण लाइसेंस दिया गया था। किसी को पांच साल तो किसी को दस साल के लिए अवधि स्वीकृत की गई थी।

इस अवधि में जो काला-पीला किया वो तो है ही, अब अवधि खत्म होने के बाद भी काम किया जा रहा है। वर्तमान में खनिज विभाग रायगढ़ से ही पूरी प्रक्रिया चलाई जा रही है। 12 क्रशर ऐसे हैं जिनकी अनुज्ञप्ति जून 2022 से फरवरी 2023 के बीच खत्म हुई है। लाइसेंस एक्सपायर होने के बाद सभी को नवीनीकरण कराना होता है।

इसके पूर्व खनिज विभाग को क्रशर की जांच करनी होती है। इन 12 क्रशरों को बिना नवीनीकरण के ही चलाने की छूट दी गई है। सूत्रों के मुताबिक खनिज विभाग ने अपनी शर्तें लगाकर इन क्रशरों को चालू रखने को कहा था। अब भी ये क्रशर चल रहे हैं। दो ऐसे क्रशर हैं जिनका लाइसेंस फरवरी में ही समाप्त हो जाएगा।

पहले सील करने फिर खोलने का धंधा

कई क्रशर हैं जो केवल अवैध खदानों के सहारे चल रहे हैं। रॉयल्टी पर्ची में भी हेराफेरी की जाती है। कुछ क्रशर बंद रहने के बावजूद लगातार रॉयल्टी जारी करवाते हैं। इसको दूसरे क्रशर संचालकों को बेच दिया जाता है। खनिज विभाग की जांच में कई क्रशरों में अनियमितता पाई गई थी। इसको सील भी किया गया था लेकिन बाद में इसे खोल दिया गया। दरअसल सील करने और खोलने के बीच में बड़ा खेल हुआ है। यह एक तरह से खनिज विभाग का कारोबार बन चुका है।

लाइमस्टोन क्रशर लाइसेंस अवधि

सारंगढ़ क्रशर उद्योग 7 जुलाई 2022 तक
जय माता दी क्रशर 1 जून 2022 तक
आकांक्षा क्रशर उद्योग 22 दिसंबर 2022 तक
वृंदावन ग्रामोद्योग 22 जुलाई 2022 तक
मां बंजारी मिनरल्स 22 जून 2022 तक
अभिलाषा ग्रामोद्योग 21 नवंबर 2022 तक
मनीष मिनरल्स 22 दिसंबर 2022 तक
गुरू इंटरप्राइजेस 21 जुलाई 2022 तक
मंगल क्रशर उद्योग 22 जून 2022 तक
तमन्ना क्रशर उद्योग 6 जुलाई 2022 तक
सूरज स्टोन क्रशर 9 जून 2022 तक
राजेश अग्रवाल 4 फरवरी 2023 तक